मानसून सत्र से पहले सर्वदलीय बैठक संपन्न, किरेन रिजिजू बोले- ‘सरकार सभी मुद्दों पर करेगी चर्चा’

All-party meeting monsoon session 2026

बैठक में बागी TMC सांसदों के शामिल होने पर विपक्ष ने जताई नाराजगी, राज्यसभा में पेश होगा ‘वंदे मातरम् बिल’

 

 

 

 

नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र की शुरुआत 20 जुलाई से हो रही है। इससे पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में रविवार को सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बैठक के बाद कहा कि अच्छे माहौल में बैठक हुई और सभी ने अपनी बात रखी। सरकार सत्र के दौरान विपक्ष के सभी मुद्दों को सुनेगी।

 

बागी सांसदों को बुलाने पर विपक्ष ने जताई नाराजगी

सर्वदलीय बैठक के दौरान विपक्ष ने TMC के बागी 20 सांसदों के गुट को बुलाए जाने पर नाराजगी जताई। विपक्ष ने सवाल किया कि बागियों को बैठक में क्यों बुलाया गया, जबकि स्पीकर ओम बिरला ने उनके गुट को अभी तक मान्यता नहीं दी है। इस मुद्दे पर विपक्ष ने वाकआउट भी कर दिया, हालांकि थोड़ी देर बाद वे दोबारा बैठक में शामिल हुए।

 

किरेन रिजिजू ने इस पर सफाई देते हुए कहा कि बागी सांसदों को नियमों के मुताबिक ही बुलाया गया है।

 

राज्यसभा में पेश होगा ‘वंदे मातरम् बिल’

मानसून सत्र के दौरान राज्यसभा में गृह मंत्री अमित शाह द्वारा ‘वंदे मातरम् बिल’ पेश किया जाएगा। राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण (संशोधन) विधेयक के तहत राष्ट्रीय गीत का अपमान करने या इसके गायन में जानबूझकर बाधा डालने पर 3 साल तक की जेल और जुर्माने का प्रावधान होगा। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने पहले ही इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। बिल पारित होने के बाद ‘वंदे मातरम्’ को ‘जन गण मन’ के समान कानूनी सुरक्षा मिलेगी और इसके गायन में व्यवधान डालना दंडनीय अपराध बन जाएगा।

 

13 अगस्त तक चलेगा सत्र

संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू होकर 13 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान कुल 19 बैठकें होंगी। किरेन रिजिजू ने सभी राजनीतिक दलों से सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलाने में सहयोग करने की अपील की है।

 

 

Read more- 

New Flight Delhi-Raipur-Delhi: दिल्ली-रायपुर के बीच इंडिगो की नई उड़ान, 26 अक्टूबर से होगी शुरू

 

 

Youthwings