BJP पार्षद की बेटी की इलाज के दौरान मौत: चार सदस्यीय जांच टीम गठित

तिल्दा नेवरा। तिल्दा नेवरा में BJP पार्षद सतीश निषाद की 18 वर्षीय बेटी की मौत के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है। युवती का इलाज पहले नेवरा के खुशी अस्पताल में चल रहा था, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ने पर उसे रायपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

अस्पताल की जांच की उठी मांग:

युवती की मौत के बाद परिजनों, स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने खुशी अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाते हुए अस्पताल की जांच कराने और नर्सिंग होम एक्ट को सख्ती से लागू करने की मांग की। इसी सिलसिले में नागरिकों ने रैली निकाली और एसडीएम व स्वास्थ्य विभाग को ज्ञापन सौंपा।

प्रशासन हरकत में, जांच कमेटी गठित:

घटना के बाद नगर पालिका की स्वास्थ्य, चिकित्सा और शिक्षा समिति की सभापति रानी सौरभ जैन ने बीएमओ से मुलाकात कर तत्काल जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की। इसके बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए चार सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है।

जांच रिपोर्ट सोमवार तक:

इस जांच टीम में तिल्दा नेवरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर आशीष सिन्हा सहित अन्य तीन अधिकारी शामिल हैं। डॉ. सिन्हा ने जानकारी दी कि समिति द्वारा मामले की गहन जांच की जा रही है और रिपोर्ट सोमवार तक प्रस्तुत कर दी जाएगी।

Youthwings