स्पेन में आग का महातांडव! 12 लोगों की मौत, 23 लापता; हजारों हेक्टेयर जंगल राख
अल्मेरिया प्रांत में 3,200 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र जलकर राख, प्रधानमंत्री सांचेज ने जताया शोक, आग पर अब तक नियंत्रण नहीं
मैड्रिड। स्पेन के दक्षिणी प्रांत अल्मेरिया के जंगलों में लगी भीषण आग को देश के इतिहास की सबसे खतरनाक जंगल की आग में से एक माना जा रहा है। आग की चपेट में आने से कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि 23 लोग अभी भी लापता हैं। 8 लोगों को गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है। आग अब तक 3,200 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र को जलाकर राख कर चुकी है।
कैसी है आग की स्थिति?
अल्मेरिया प्रांत के लॉस गालार्डोस कस्बे के आसपास के जंगलों में शुक्रवार शाम अचानक आग लगी, जो तेज हवाओं और भीषण गर्मी के कारण तेजी से फैल गई। आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है। करीब 150 दमकलकर्मी और स्पेन की मिलिट्री इमरजेंसी यूनिट के 220 जवान आग बुझाने में जुटे हैं।
बचावकर्मियों के लिए सबसे बड़ी चुनौती इलाके की ऊबड़-खाबड़ जमीन, सूखी झाड़ियां, सूखी घास और तेज हवाएं हैं। लगातार पड़ रही हीटवेव ने पूरे इलाके को बारूद की तरह ज्वलनशील बना दिया है।

किन-किन की मौत हुई?
अधिकारियों के मुताबिक, मरने वालों में चार ब्रिटिश नागरिक होने की आशंका है। कुछ लोगों के शव जली हुई गाड़ियों के अंदर मिले, माना जा रहा है कि आग से बचने के लिए भागते समय वे इसकी चपेट में आ गए। कुछ लोगों ने सूखी नदी के रास्ते भागने की कोशिश की, लेकिन वह रास्ता उनके लिए मौत का जाल साबित हुआ।
अधिकारियों ने क्या कहा?
अधिकारियों का कहना है कि घर के अंदर सुरक्षित रहने की सलाह न मानने के कारण ज्यादातर लोगों की मौत हुई है। स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने इस हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद दुखद और विनाशकारी है।
Read more-
