Satluj Controversy: ZEE5 से क्यों हटाई गई दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘सतलुज’? केंद्र सरकार ने बताई बड़ी वजह
Satluj Controversy: सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए सरकार के निर्देश पर ZEE5 से हटाई गई फिल्म
दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘Satluj’ अचानक ZEE5 से क्यों हटा दी गई? 127 कट, सुरक्षा कारण और सरकार के निर्देश के बीच आखिर क्या है पूरा मामला? जानिए इस विवाद की पूरी कहानी।
Satluj Controversy: ZEE5 से क्यों हटाई गई दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘सतलुज’?
Satluj Controversy: अभिनेता दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘सतलुज’ को ओटीटी प्लेटफॉर्म ZEE5 से हटाए जाने के बाद विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। फिल्म को हटाने को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। इस बीच केंद्र सरकार की ओर से सामने आई जानकारी में कहा गया है कि सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए फिल्म को हटाने के निर्देश दिए गए थे।
सरकार ने क्या कहा?
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि फिल्म को सुरक्षा संबंधी चिंताओं के चलते हटाने का निर्देश दिया गया था। अधिकारी ने कहा कि ओटीटी प्लेटफॉर्म्स से अपेक्षा की जाती है कि वे सरकार के दिशा-निर्देशों का जिम्मेदारी के साथ पालन करें।
पहले ‘Punjab 95’ नाम से होनी थी रिलीज
अधिकारी के मुताबिक यह फिल्म वर्ष 2022 में ‘Punjab 95’ शीर्षक से रिलीज होने वाली थी। उस समय सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) ने फिल्म को प्रमाणपत्र देने से पहले 127 कट लगाने की सिफारिश की थी। हालांकि निर्माताओं ने इन कट्स को स्वीकार नहीं किया, जिसके बाद फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज नहीं हो सकी।
बाद में फिल्म का नाम बदलकर ‘सतलुज’ रखा गया और इसे बिना व्यापक प्रचार के सीधे ZEE5 पर रिलीज कर दिया गया।
सरकार के संज्ञान में आने के बाद हटाई गई फिल्म
सरकारी अधिकारी ने कहा कि ओटीटी प्लेटफॉर्म सेंसर बोर्ड के अधिकार क्षेत्र में नहीं आते, लेकिन जब फिल्म की रिलीज सरकार के संज्ञान में आई तो ZEE5 से इसे हटाने के लिए कहा गया। इसके बाद प्लेटफॉर्म ने फिल्म को भारत में अगली सूचना तक उपलब्ध न रखने का फैसला लिया।
किस कहानी पर आधारित है ‘Satluj’?
फिल्म मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालरा के जीवन और पंजाब में कथित फर्जी मुठभेड़ों जैसे संवेदनशील मुद्दों पर आधारित है। खालरा ने 1984 से 1994 के बीच लापता हुए हजारों लोगों और उनके कथित अंतिम संस्कार से जुड़े मामलों की जांच की थी। उनकी जांच ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ा मुद्दा खड़ा किया था। बाद में वर्ष 1995 में उनका कथित अपहरण कर लिया गया और वह फिर कभी वापस नहीं लौटे।

दिलजीत दोसांझ ने क्या कहा?
अमेरिका से इंस्टाग्राम लाइव के दौरान दिलजीत दोसांझ ने कहा कि उन्हें पहले से ही महसूस हो गया था कि फिल्म को हटाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि सोमवार को दफ्तर खुलने के बाद ऐसा होगा, लेकिन फिल्म रविवार शाम को ही हटा दी गई।
दिलजीत ने यह भी कहा कि उन्होंने फिल्म का कोई प्रचार नहीं किया था और उसे चुपचाप रिलीज किया गया। उनके मुताबिक सबसे बड़ी संतुष्टि इस बात की है कि फिल्म दर्शकों तक पहुंच गई। उन्होंने कहा कि जितनी ज्यादा कोशिश फिल्म को रोकने की होगी, उतनी ही ज्यादा इसकी चर्चा होगी।
ZEE5 ने क्या कहा?
ZEE5 ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए ‘Satluj’ को फिलहाल भारत में उपलब्ध नहीं रखा जाएगा। प्लेटफॉर्म ने यह भी कहा कि वह सभी आवश्यक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए जल्द से जल्द फिल्म को दोबारा दर्शकों तक पहुंचाने के लिए प्रयासरत है।
