राष्ट्रपति मैक्रों के दौरे के दौरान धमाका, होटल के पास ब्लास्ट से मचा हड़कंप
दमिश्क। सीरिया की राजधानी दमिश्क में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के दौरे के दौरान एक जोरदार धमाके से हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विस्फोट उस इलाके के पास हुआ, जहां राष्ट्रपति मैक्रों के ठहरने की व्यवस्था की गई थी। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया।
धमाके के बाद इलाके की घेराबंदी, जांच शुरू
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाके के बाद कई लोगों ने तेज आवाज सुनी और आसपास के क्षेत्र से धुएं का गुबार उठता देखा। सूचना मिलते ही सुरक्षा बलों ने होटल और आसपास के इलाकों की घेराबंदी कर सभी प्रमुख मार्गों को बंद कर दिया। फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच एजेंसियां विस्फोट के कारणों और इसके पीछे किसी साजिश की संभावना की पड़ताल कर रही हैं।
मैक्रों का दौरा क्यों है अहम?
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों का यह दौरा राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बशर अल-असद के सत्ता से हटने के बाद वह दमिश्क पहुंचने वाले यूरोपीय संघ (EU) के पहले प्रमुख नेता हैं। ऐसे में इस यात्रा पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नजर बनी हुई थी।
read more : सड़क बनी तालाब! कांग्रेस ने गड्ढों में छोड़ी मछलियां, शुरू किया अनोखा आंदोलन
सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी की गई
धमाके के बाद राष्ट्रपति मैक्रों की सुरक्षा को और मजबूत कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हैं और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
