सड़क बनी तालाब! कांग्रेस ने गड्ढों में छोड़ी मछलियां, शुरू किया अनोखा आंदोलन

कांग्रेस प्रदर्शन

बिलासपुर। बिल्हा विधानसभा क्षेत्र के नगपुरा-धमनी-कड़ार-सेंवार मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर कांग्रेस ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन शुरू किया है। ग्राम सेंवार में कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों में प्रतीकात्मक रूप से मछलियां छोड़कर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। सड़क पर जलभराव होने के कारण प्रदर्शनकारियों ने इसे “तालाबनुमा सड़क” बताते हुए सरकार पर विकास कार्यों की अनदेखी का आरोप लगाया।

सड़क बनने तक जारी रहेगा विरोध

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि सड़क की हालत लंबे समय से खराब है, लेकिन कई बार शिकायतों और मांगों के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक सड़क का निर्माण नहीं होता, तब तक वे इन मछलियों को टंकी में रखकर पालेंगे और आंदोलन जारी रखेंगे।

विधायक को मछली भेंट करने का ऐलान

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घोषणा की कि आंदोलन के अगले चरण में बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक को प्रतीकात्मक रूप से मछली भेंट की जाएगी। उनका कहना है कि यह कदम क्षेत्र की जर्जर सड़क और जलभराव की समस्या की ओर जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित करने के लिए उठाया जा रहा है।

read more : 12वीं पास के लिए एयरफोर्स में बंपर भर्ती, अग्निवीर वायु के आवेदन शुरू

प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग

प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से सड़क की तत्काल मरम्मत और निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की है। उनका कहना है कि बारिश के मौसम में सड़क पर बने गड्ढों और जलभराव के कारण लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है और दुर्घटना का खतरा भी लगातार बना हुआ है।

Youthwings