जब मनरेगा मजदूरों के साथ काम करने पहुंचे कांग्रेस नेता! 40 जिला अध्यक्षों ने किया श्रमदान
राष्ट्रीय महासचिव सचिन राव समेत 40 जिला अध्यक्ष पहुंचे मनरेगा कार्यस्थल, मजदूरों के साथ बैठकर सुनी समस्याएं
अभनपुर। कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर के 9वें दिन कांग्रेस नेताओं ने लखना ग्राम में अनोखा जनसंपर्क अभियान चलाया। राष्ट्रीय महासचिव सचिन राव सहित 40 नए जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनरेगा कार्यस्थल पहुंचे और मजदूरों के साथ करीब तीन घंटे तक श्रमदान किया।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने मनरेगा मजदूरों के साथ बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं और जमीनी स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। श्रमिकों ने रोजगार, मजदूरी और अन्य स्थानीय मुद्दों से जुड़े अपने अनुभव भी साझा किए। इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने मजदूरों के साथ सामूहिक भोजन किया।
छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का लिया स्वाद
इस अवसर पर नेताओं ने छत्तीसगढ़ी पारंपरिक व्यंजनों जैसे अंगाकर रोटी, खपुरी रोटी, चीला-भाजी और चटनी का स्वाद भी लिया। मजदूरों के साथ भोजन साझा कर कांग्रेस नेताओं ने उनके साथ आत्मीयता का व्यवहार किया। इस पहल को स्थानीय लोगों ने सराहा और इसे पार्टी की जनता के प्रति संवेदनशीलता का प्रतीक बताया।

समापन में पवन खेड़ा होंगे शामिल
कांग्रेस जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर का 29 जून को समापन होने जा रहा है। इस 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के अंतिम दिन राष्ट्रीय मीडिया और प्रचार विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा शामिल होंगे। वे नए जिला अध्यक्षों को मीडिया रणनीति और संचार कौशल पर मार्गदर्शन देंगे।
बता दें कि शनिवार (8वें दिन) पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जिला अध्यक्षों को ट्रेनिंग दी। उन्होंने संगठन संचालन और राजनीतिक रणनीति के गुर सिखाए। इसके दौरान बघेल ने अध्यक्षों को जनता से जुड़ने के तरीके भी बताए।
इस 10 दिवसीय शिविर का उद्देश्य नए जिला अध्यक्षों को संगठनात्मक कौशल, राजनीतिक रणनीति और जनसंपर्क में निपुण बनाना है। अब सभी की नजरें 29 जून के समापन समारोह पर टिकी हैं, जहां पवन खेड़ा अपना संबोधन देंगे।
