पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल: 10 थाना प्रभारियों का तबादला, आदेश जारी 

प्रशासनिक कारणों से दुर्ग जिले में पुलिस अधिकारियों के तबादले। वैशाली नगर, सुपेला और धमधा सहित कई थानों में नए थाना प्रभारियों की नियुक्ति।

 

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) विजय अग्रवाल ने प्रशासनिक कारणों का हवाला देते हुए जिले के 10 पुलिस अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। इस बदलाव के तहत कई थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

 

जारी आदेश के अनुसार, वैशाली नगर थाना प्रभारी रहे प्रशांत मिश्रा का तबादला कर उन्हें एसीसीयू (एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट) की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, स्क्रैप चोरी मामले की जांच कर रहे अंबर सिंह भारद्वाज को सुपेला थाना प्रभारी बनाया गया है।

 

इसके अलावा नियंत्रण कक्ष में पदस्थ महेश ध्रुव का एक महीने के भीतर दूसरी बार तबादला किया गया है। उन्हें अब धमधा थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विभाग का कहना है कि यह फेरबदल प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुचारु बनाने के उद्देश्य से किया गया है।

 

एसएसपी कार्यालय द्वारा जारी स्थानांतरण सूची में कुल 10 पुलिस अधिकारियों के नाम शामिल हैं। नए पदस्थापना आदेश के बाद संबंधित अधिकारियों को जल्द ही अपने नए कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

Youthwings