CM काफिले के लिए पलटा महिला का ठेला: खौलते पानी से झुलसी, पुलिस पर गंभीर आरोप

Jaipur VIP Convoy Incident

राजस्थान की राजधानी जयपुर में मुख्यमंत्री के काफिले के दौरान एक महिला के गंभीर रूप से झुलसने का मामला सामने आया है। आरोप है कि वीआईपी मूवमेंट के लिए सड़क खाली कराते समय पुलिसकर्मियों ने जल्दबाजी में महिला का ठेला पलट दिया, जिससे उस पर रखा खौलता पानी महिला के शरीर पर गिर गया। घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पीड़िता की शिकायत पर रामनगरिया थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ठेला हटाने के लिए मांगा था कुछ समय

शिकायत के अनुसार प्रताप नगर निवासी खुशबू गुप्ता की बहन रेशु गुप्ता जगतपुरा महल रोड पर ठेला लगाकर कारोबार करती हैं। 19 जून की शाम मुख्यमंत्री का काफिला गुजरने वाला था, जिसके चलते पुलिस सड़क खाली करा रही थी। परिवार का आरोप है कि उन्होंने पुलिसकर्मियों से कुछ मिनट का समय मांगा था, क्योंकि ठेले पर खौलते पानी से भरा बड़ा बर्तन रखा था। इसके बावजूद पुलिस ने तत्काल ठेला हटाने का प्रयास किया।

Jaipur VIP Convoy Incident

खौलते पानी से गंभीर रूप से झुलसी महिला

परिजनों का आरोप है कि ठेला पलटने से गर्म पानी सीधे महिला के ऊपर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार किया गया। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत दर्ज, जांच में जुटी पुलिस

रामनगरिया थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों की भूमिका और परिस्थितियों की पड़ताल के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद वीआईपी मूवमेंट के दौरान आम नागरिकों की सुरक्षा और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।

read more : 7.2 और 7.5 तीव्रता के भूकंप से तबाही, 10 हजार से अधिक मौतों की आशंका.. राष्ट्रपति ने घोषित किया आपातकाल

 

Youthwings