राज्यसभा चुनाव के लिए BJP ने जारी की उम्मीदवारों की सूची, कई राज्यों से नए चेहरों को मिला मौका

BJP

भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने राज्यसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। पार्टी ने विभिन्न राज्यों से कई प्रमुख नेताओं पर भरोसा जताते हुए उन्हें उच्च सदन के लिए उम्मीदवार बनाया है। सूची के अनुसार अरुणाचल प्रदेश से ताई तगाक, गुजरात से राजूभाई शुक्ला, मुकेशभाई राठवा, मानसिंह परमार और जीतेंद्र मेघजीभाई कंजारिया को टिकट दिया गया है। वहीं मध्य प्रदेश से तरुण चुग और रजनीश अग्रवाल, मणिपुर से ए. शारदी देवी, राजस्थान से डॉ. अलका गुर्जर और सतीश पूनिया तथा ओडिशा से देबाशीष सामंतराय को उम्मीदवार घोषित किया गया है।

सतीश पूनिया को राजस्थान से मिला मौका

राजस्थान की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय सतीश पूनिया को पार्टी ने राज्यसभा भेजने का फैसला किया है। छात्र राजनीति से अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत करने वाले पूनिया राजस्थान बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष और विधानसभा में उप नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। वर्तमान में वे हरियाणा बीजेपी के प्रभारी हैं और जाट समुदाय में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। संगठन और चुनावी रणनीति में उनकी सक्रिय भूमिका के चलते पार्टी ने उन्हें राज्यसभा के लिए उम्मीदवार बनाया है।

मध्य प्रदेश से तरुण चुग पर BJP का भरोसा

राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय बीजेपी के वरिष्ठ नेता तरुण चुग को मध्य प्रदेश से राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया गया है। पंजाब के अमृतसर से आने वाले चुग कम उम्र में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े थे और वर्तमान में बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव हैं। संगठन में उनकी पहचान एक कुशल रणनीतिकार और चुनाव प्रबंधन विशेषज्ञ के रूप में है। खास बात यह है कि इस सूची में वे एकमात्र ऐसे उम्मीदवार हैं जिन्हें उनके गृह राज्य के बजाय दूसरे राज्य से उम्मीदवार बनाया गया है।

BJD छोड़ BJP में आए देबाशीष सामंतराय को टिकट

ओडिशा से राज्यसभा उम्मीदवार बनाए गए देबाशीष सामंतराय हाल ही में बीजू जनता दल (BJD) छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए हैं। बीजेपी का दामन थामने से पहले उन्होंने राज्यसभा सदस्यता से भी इस्तीफा दिया था। कटक क्षेत्र में मजबूत जनाधार रखने वाले सामंतराय को पार्टी ने ओडिशा में अपने राजनीतिक विस्तार की रणनीति के तहत उम्मीदवार बनाया है।

कई राज्यों में संगठनात्मक समीकरण साधने की कोशिश

बीजेपी की इस सूची को आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी ने ऐसे नेताओं को मौका दिया है जिनकी अपने-अपने राज्यों में मजबूत संगठनात्मक पकड़ है और जो सामाजिक समीकरणों को साधने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। राज्यसभा चुनाव के जरिए बीजेपी ने अनुभवी नेताओं के साथ-साथ कुछ नए चेहरों को भी राष्ट्रीय राजनीति में आगे बढ़ाने का संकेत दिया है।

Youthwings