JEE Advanced 2026 का रिजल्ट जारी, शुभम कुमार बने ऑल इंडिया टॉपर

नई दिल्ली। देश की प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा JEE एडवांस्ड 2026 का परिणाम सोमवार को घोषित कर दिया गया। इस वर्ष परीक्षा का आयोजन करने वाले आईआईटी रुड़की ने आधिकारिक वेबसाइट पर परिणाम जारी किए। परीक्षा में आईआईटी दिल्ली जोन के छात्र शुभम कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल की है। शुभम ने कुल 360 में से 330 अंक प्राप्त कर देशभर में पहला स्थान हासिल किया।

छात्राओं में आरोही देशपांडे रहीं सबसे आगे

JEE एडवांस्ड 2026 में छात्राओं ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। दिल्ली जोन की आरोही देशपांडे ने गर्ल्स कैटेगरी में देशभर में शीर्ष स्थान प्राप्त किया। उन्होंने 360 में से 280 अंक हासिल करते हुए कॉमन रैंक लिस्ट (CRL) में 77वीं रैंक प्राप्त की। इससे पहले जेईई मेन्स 2026 में भी आरोही ने ऑल इंडिया रैंक 99 हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। इस बार लड़कों और लड़कियों दोनों श्रेणियों के टॉपर एक ही जोन से होना चर्चा का विषय बना हुआ है।

56 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने किया परीक्षा क्वालीफाई

आईआईटी रुड़की द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष परीक्षा के लिए 1,87,389 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। इनमें से 1,79,694 उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए। मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद कुल 56,880 छात्रों को सफल घोषित किया गया है। सफल उम्मीदवार अब देश के विभिन्न आईआईटी संस्थानों में प्रवेश प्रक्रिया में भाग लेने के पात्र होंगे।

सफल अभ्यर्थियों में छात्रों की संख्या अधिक

क्वालीफाई करने वाले कुल उम्मीदवारों में 46,773 पुरुष अभ्यर्थी और 10,107 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। परिणामों से स्पष्ट है कि इस बार भी बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने कठिन प्रतिस्पर्धा के बीच सफलता हासिल की है।

स्कोरकार्ड और फाइनल आंसर-की भी हुई जारी

रिजल्ट जारी होने के साथ ही आईआईटी रुड़की ने उम्मीदवारों के स्कोरकार्ड और फाइनल आंसर-की भी उपलब्ध करा दी है। अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने अंक और रैंक देख सकते हैं। इसके अलावा पेपर-1 और पेपर-2 की अंतिम उत्तर कुंजी भी पीडीएफ फॉर्मेट में जारी कर दी गई है, जिससे छात्र अपने प्रदर्शन का आकलन कर सकते हैं।

अब JoSAA काउंसलिंग का इंतजार

जेईई एडवांस्ड 2026 के परिणाम घोषित होने के बाद अब अभ्यर्थियों की नजरें संयुक्त सीट आवंटन प्राधिकरण (JoSAA) की काउंसलिंग प्रक्रिया पर टिकी हैं। उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही आईआईटी और अन्य तकनीकी संस्थानों में प्रवेश के लिए विस्तृत काउंसलिंग कार्यक्रम जारी किया जाएगा।

Youthwings