छत्तीसगढ़ में हीट वेव: भीषण गर्मी का कहर, रायपुर में तापमान 44°C के करीब

CG Weather News

CG Weather News

23 से 25 अप्रैल के बीच लू का सबसे ज़्यादा असर, मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की दी सलाह

रायपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। मौसम विभाग ने रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और सरगुजा संभाग के कई जिलों में हीट वेव (लू) का अलर्ट जारी किया है। विशेषज्ञों का मानना है कि आगामी चार दिनों तक प्रदेश में तापमान औसतन 42 से 44 डिग्री के बीच बना रहेगा।

सबसे ज्यादा गर्म रहा रायपुर

बीते 24 घंटों में राजधानी रायपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहाँ अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक है। रात का तापमान भी 28.4 डिग्री रहा।

प्रमुख शहरों का तापमान (बीते 24 घंटे):

शहर अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान
रायपुर 43.7°C 28.4°C
बिलासपुर 43.4°C 27.0°C
दुर्ग 42.6°C 23.8°C
गौरेला-पेंड्रा 42.7°C 26.4°C
अंबिकापुर 40.8°C 23.6°C
जगदलपुर 37.8°C 23.1°C

लू का असर 23 से 25 अप्रैल तक

मौसम विभाग के अनुसार, 23 से 25 अप्रैल के बीच प्रदेश में हीट वेव का प्रभाव सबसे अधिक रहेगा। खासकर रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के जिलों में दोपहर के समय अत्यधिक गर्मी और लू चलने की चेतावनी दी गई है। नागरिकों को सलाह दी गई है कि इस दौरान घर से बाहर निकलने से बचें, हल्के और सूती कपड़े पहनें तथा खूब पानी पिएं।

बस्तर संभाग में मौसम का बदला मिज़ाज, बारिश की संभावना

एक ओर जहाँ उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ झुलस रहा है, वहीं बस्तर संभाग में मौसम ने करवट ली है। कोंडागांव, दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर जिलों में बिजली गिरने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। बीते 24 घंटों में भानपुरी में 20 मिमी और तोकापाल में 10 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है।


मौसम विभाग की चेतावनी:

“बच्चों, बुज़ुर्गों और बीमार व्यक्तियों को खासतौर पर गर्मी से बचाने की ज़रूरत है। दोपहर 12 से 4 बजे के बीच घर से बाहर न निकलें।”

Youthwings