रजिस्ट्री आय में रायगढ़ ने मारी बाज़ी, प्रदेशभर में लक्ष्य से 7.31% कम रही कुल कमाई

रायपुर। छत्तीसगढ़ में वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए रजिस्ट्री से आय का बड़ा लक्ष्य निर्धारित किया गया था। पूरे प्रदेश के लिए कुल 3200 करोड़ रुपए का टारगेट तय किया गया, लेकिन अंत में प्रदेश ने 2966.06 करोड़ रुपए की आय अर्जित की, जो कि निर्धारित लक्ष्य से 7.31 प्रतिशत कम है। हालांकि राहत की बात यह है कि पिछले वित्तीय वर्ष 2023-24 की तुलना में इस बार 18.36 प्रतिशत अधिक आय हुई है।

रायगढ़ बना टॉप परफॉर्मर
इस वित्तीय वर्ष में रायगढ़ जिला सबसे आगे रहा, जिसे 172 करोड़ रुपए का लक्ष्य दिया गया था। जिले ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 253 करोड़ रुपए से ज्यादा की आय अर्जित की, जो लक्ष्य से 47 प्रतिशत अधिक है।
राजनांदगांव दूसरे स्थान पर रहा, जहाँ 140 करोड़ के लक्ष्य के मुकाबले 141.8 करोड़ रुपए की आय हुई, जो 1.29 प्रतिशत ज्यादा है।

रायपुर पिछड़ा, लेकिन पिछले साल से आगे
रायपुर को इस बार 1226 करोड़ रुपए का टारगेट मिला था, जिसके मुकाबले जिले ने 1104.83 करोड़ रुपए की आय अर्जित की। यह लक्ष्य से 9.88 प्रतिशत कम है। हालांकि वर्ष 2023-24 में रायपुर को 956 करोड़ रुपए का लक्ष्य मिला था, और इस बार 15.56 प्रतिशत ज्यादा आय हुई है, जो सकारात्मक संकेत है।

दंतेवाड़ा सबसे पीछे
इस रिपोर्ट में दंतेवाड़ा जिला सबसे पिछड़ा रहा, जो अपने निर्धारित लक्ष्य का 75 प्रतिशत भी अर्जित नहीं कर सका

मार्च में रही रिकॉर्ड आय
मार्च माह हमेशा से रजिस्ट्री की दृष्टि से सबसे सक्रिय माना जाता है। इस वर्ष मार्च 2024 में प्रदेश को 466.05 करोड़ रुपए की आय हुई, जो मार्च 2023 की तुलना में 13.57 प्रतिशत अधिक है। पिछले वर्ष इसी माह में 410.36 करोड़ रुपए की कमाई हुई थी।

Youthwings