Tej Pratap Yadav के समर्थन में RJD सांसद की दलील, बोले– रामविलास पासवान ने भी की थीं दो शादियां, LJP का पलटवार
Tej Pratap Yadav
Tej Pratap Yadav और अनुष्का यादव की वायरल तस्वीरों और वीडियो को लेकर सियासत गर्म होती जा रही है। एक तरफ जहां लालू यादव ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए तेज प्रताप को पार्टी और परिवार दोनों से बाहर का रास्ता दिखा दिया है, वहीं अब बक्सर से आरजेडी सांसद सुधाकर सिंह उनके समर्थन में उतर आए हैं। सुधाकर सिंह ने तेज प्रताप की हरकत को “गुनाह” मानने से इनकार करते हुए उनकी तुलना दिवंगत केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान से कर दी, जिनकी दो शादियां हुई थीं।
सुधाकर सिंह बोले – तेज प्रताप ने कोई गुनाह नहीं किया
सुधाकर सिंह ने तेज प्रताप के पक्ष में खुलकर बयान देते हुए कहा कि “तेज प्रताप ने कोई अपराध नहीं किया है।” उन्होंने आगे कहा, “यह उनकी निजी जिंदगी का मामला है, इसे लेकर इतना हो-हल्ला मचाना ठीक नहीं है।” उन्होंने यह भी कहा कि जब रामविलास पासवान जैसे बड़े नेता की दो शादियां हो सकती हैं, तो तेज प्रताप को क्यों कटघरे में खड़ा किया जा रहा है?
एलजेपी (रामविलास) ने किया तीखा विरोध
आरजेडी सांसद की इस तुलना पर चिराग पासवान की पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने कड़ी आपत्ति जताई है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता विनीत सिंह ने सुधाकर सिंह की टिप्पणी को “कानून का मजाक उड़ाने वाला” करार देते हुए कहा कि “आरजेडी नेताओं को कानून की बुनियादी समझ तक नहीं है।”
विनीत सिंह ने कहा, “हमारा कानून साफ कहता है कि जब तक पहली पत्नी से विधिवत तलाक नहीं हो जाता, तब तक दूसरी शादी करना गैरकानूनी है। तेज प्रताप का तलाक अभी कोर्ट में लंबित है, ऐसे में उनका किसी और महिला के साथ सार्वजनिक रूप से आना कानून का उल्लंघन है।”
रामविलास पासवान ने कानून के दायरे में की थी दूसरी शादी
प्रवक्ता विनीत सिंह ने आरजेडी सांसद की तुलना पर जवाब देते हुए कहा कि रामविलास पासवान ने अपनी पहली पत्नी से सार्वजनिक रूप से अलग होने का फैसला लिया था और कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए दूसरी शादी की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि तेज प्रताप ने ऐसी कोई कानूनी प्रक्रिया नहीं अपनाई और न ही कोर्ट से तलाक लिया है, फिर भी वह एक महिला के साथ रिश्ते में दिखाई दे रहे हैं।
तेजस्वी यादव पर भी हमला
विनीत सिंह ने इस मुद्दे को लेकर तेजस्वी यादव और आरजेडी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “आरजेडी के नेता एक तरफ ‘बहू-बेटियों के सम्मान’ की बात करते हैं और दूसरी तरफ तेज प्रताप जैसे नेता पार्टी में रहते हैं, जिनकी हरकतें साफ करती हैं कि आरजेडी की कथनी और करनी में कितना अंतर है।”
उन्होंने आगे कहा, “तेज प्रताप की इस हरकत से बिहार की महिलाएं खुद को कितना सुरक्षित महसूस करेंगी, यह सोचने की जरूरत है।”
कोर्ट ले सकता है संज्ञान
विनीत सिंह ने यह भी संकेत दिया कि अगर मामला आगे बढ़ता है, तो कोर्ट इस पर स्वतः संज्ञान लेकर तेज प्रताप यादव के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर सकता है। उन्होंने तेज प्रताप के खिलाफ कड़ी सजा की मांग की और कहा कि कानून सबके लिए समान है, चाहे वह नेता हो या आम आदमी।
तेज प्रताप यादव की वायरल तस्वीरों को लेकर मचा सियासी बवाल अब आरजेडी बनाम लोजपा रामविलास में तब्दील हो गया है। एक तरफ पार्टी सांसद सुधाकर सिंह अपने नेता के बचाव में व्यक्तिगत स्वतंत्रता का हवाला दे रहे हैं, तो दूसरी तरफ विरोधी इसे कानून और नैतिकता का उल्लंघन बता रहे हैं। आने वाले दिनों में यह मुद्दा तेज प्रताप की राजनीति और आरजेडी की छवि पर कितना असर डालेगा, यह देखना बाकी है।
