नासिक में दर्दनाक हादसा: कुएं में गिरी कार, एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत
नासिक में दर्दनाक हादसा
नासिक जिले के दिंडोरी तालुका में एक हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया है। देर रात एक मारुति XL6 कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित पानी से भरे कुएं में जा गिरी। इस भयावह दुर्घटना में कार सवार सभी 9 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
कार्यक्रम से लौट रहा था दरगुडे परिवार
मिली जानकारी के अनुसार, दिंडोरी के इंदौर गांव निवासी दरगुडे परिवार किसी पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होकर घर लौट रहा था। इसी दौरान चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और कार सीधे कुएं में जा समाई। हादसा इतना गंभीर था कि किसी को भी बचने का मौका नहीं मिला।
एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत, 6 बच्चे भी शामिल
इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग एक ही परिवार के सदस्य थे। मृतकों में 6 मासूम बच्चे भी शामिल हैं, जिनमें एक 7 वर्षीय बच्ची भी बताई जा रही है। सुनील दरगुडे, उनकी पत्नी और बेटी सहित पूरे परिवार के 9 लोगों की एक साथ मौत से गांव में शोक की लहर फैल गई है।
रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत और बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। स्थानीय लोगों की भीड़ के बीच काफी मशक्कत के बाद कुएं से कार और सभी शवों को बाहर निकाला गया।
जांच जारी, हादसे के कारणों की पड़ताल
सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में वाहन से नियंत्रण खोना हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हर पहलू से जांच जारी है। प्रशासन का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएंगे।
read more : पद से हटाए जाने के बाद राघव चड्ढा का बागी तेवर, वीडियो जारी कर बोले- “मेरी खामोशी को हार मत समझना”
