Mann Ki Baat में छाए कोरिया के किसान, पीएम मोदी ने की तारीफ, बताया देश के लिए मिसाल
Mann Ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 132वें एपिसोड में इस बार छत्तीसगढ़ के किसानों की चर्चा पूरे देश में हुई। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के किसानों की प्रधानमंत्री ने खुलकर सराहना की और उनके काम को देशभर के किसानों के लिए प्रेरणा बताया।
मन की बात में कोरिया का जिक्र
कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि कोरिया जिले के किसानों ने एक सरल लेकिन बेहद प्रभावशाली आईडिया पर काम किया है। उन्होंने बताया कि किसानों ने अपने खेतों में छोटे-छोटे रिचार्ज तालाब और सोखता गड्ढे बनाकर बारिश के पानी को जमीन में संरक्षित करने की पहल की है।
पीएम ने कहा कि इस पहल से न सिर्फ पानी का बेहतर उपयोग हो रहा है, बल्कि धीरे-धीरे भूजल स्तर में भी सुधार देखने को मिला है।
1200 से ज्यादा किसान अपना चुके हैं मॉडल
प्रधानमंत्री के अनुसार, कोरिया जिले में 1200 से अधिक किसान इस मॉडल को अपना चुके हैं। इस पहल से गांवों में जल संरक्षण को बढ़ावा मिला है और खेती में भी सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
यह मॉडल अब दूसरे क्षेत्रों के लिए भी एक उदाहरण बनता जा रहा है, जहां किसान पानी की कमी से जूझते हैं।
देश के लिए मिसाल बने किसान
पीएम मोदी ने कोरिया के किसानों के इस प्रयास को पूरे देश के लिए प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के छोटे-छोटे प्रयास बड़े बदलाव ला सकते हैं और जल संरक्षण के साथ-साथ कृषि क्षेत्र में भी सुधार संभव है।
स्थानीय कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम जायसवाल, क्षेत्रीय विधायक भैया लाल राजवाड़े समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी मौजूद रहे। सभी ने किसानों के इस प्रयास की सराहना की और इसे आगे बढ़ाने की बात कही।
