Khelo India Tribal Games में बड़ी लापरवाही, सूखे स्विमिंग पूल में ट्रेनिंग, बिना तैयारी नेशनल भेजे गए खिलाड़ी
Khelo India Tribal Games: छत्तीसगढ़ में आयोजित हो रहे खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के बीच एक बड़ी लापरवाही सामने आई है, जिसने खेल व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बीजापुर जिले से आए खिलाड़ियों को स्विमिंग की उचित ट्रेनिंग ही नहीं दी गई और उन्हें सूखे पड़े स्विमिंग पूल के पास केवल एक्सरसाइज करवाकर नेशनल प्रतियोगिता में भेज दिया गया।
5 महीने से सूखा पड़ा था स्विमिंग पूल
जानकारी के मुताबिक, बीजापुर में पिछले करीब पांच महीनों से स्विमिंग पूल में पानी नहीं था। इसके बावजूद खिलाड़ियों को स्विमिंग के लिए तैयार माना गया। जब ये खिलाड़ी रायपुर के इंटरनेशनल स्विमिंग पूल में उतरे, तो वे गहरे पानी और अंतरराष्ट्रीय मानकों को देखकर घबराए हुए नजर आए।
इसका सीधा असर उनके प्रदर्शन पर पड़ा और वे अपेक्षित स्तर पर प्रदर्शन नहीं कर सके।
ट्रेनिंग के नाम पर सिर्फ एक्सरसाइज
खिलाड़ियों ने बताया कि उन्हें स्विमिंग की प्रैक्टिस के बजाय केवल पूल के बाहर एक्सरसाइज करवाई जाती थी। पानी में अभ्यास का मौका ही नहीं मिला, जिससे वे प्रतियोगिता के लिए पूरी तरह तैयार नहीं हो पाए।
डाइट में भी भारी कमी
कोच दीप्ति वर्मा के अनुसार, खिलाड़ियों को पर्याप्त डाइट भी उपलब्ध नहीं कराई जा रही थी। उन्हें सिर्फ अंडा और केला देकर ट्रेनिंग कराई जा रही थी, जो कि उच्च स्तर की प्रतियोगिता के लिए पर्याप्त नहीं है।
खिलाड़ियों ने भी इस बात की पुष्टि की कि सुविधाओं की कमी और सही ट्रेनिंग न मिलने के कारण उनका प्रदर्शन प्रभावित हुआ।
सिस्टम पर उठे सवाल
सबसे चिंताजनक बात यह है कि प्रदेश के आदिवासी खिलाड़ियों को बुनियादी सुविधाएं तक नहीं मिल पाईं, फिर भी उन्हें सीधे नेशनल स्तर की प्रतियोगिता में उतार दिया गया।
इस मामले के सामने आने के बाद खेल व्यवस्था और तैयारियों पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। अब देखना होगा कि जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है और भविष्य में ऐसी लापरवाही को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।
