ईरान समर्थित हैकर्स का बड़ा साइबर अटैक, FBI निदेशक काश पटेल का ईमेल हैक

ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव के बीच एक बड़ा साइबर हमला सामने आया है। ईरान से जुड़े हैकर्स ने Kash Patel के निजी ईमेल में सेंधमारी करने का दावा किया है। समाचार एजेंसी Reuters की रिपोर्ट के अनुसार, हैकर्स ने उनकी निजी तस्वीरें और कथित बायोडाटा भी सार्वजनिक कर दिया है।

अमेरिकी न्याय विभाग के एक अधिकारी ने ईमेल हैक होने की पुष्टि करते हुए कहा कि ऑनलाइन साझा की गई सामग्री असली प्रतीत होती है। हालांकि FBI की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

हैकिंग की जिम्मेदारी ‘हंडाला हैक टीम’ नामक समूह ने ली है। इस समूह ने दावा किया है कि काश पटेल की ईमेल आईडी अब हैक किए गए खातों की सूची में शामिल है। हैकर्स द्वारा जारी तस्वीरों में पटेल को अलग-अलग निजी पलों में दिखाया गया है, जिससे यह मामला और गंभीर हो गया है।

जानकारी के मुताबिक, यह हैकर समूह खुद को फिलिस्तीन समर्थक बताता है और इससे पहले भी कई साइबर हमलों का दावा कर चुका है। हाल ही में इस समूह ने Stryker नाम की कंपनी के डेटा पर भी हमला करने का दावा किया था।

बताया जा रहा है कि जिस ईमेल आईडी को हैक किया गया, वह पहले भी डेटा लीक से जुड़ी सूचनाओं में सामने आ चुकी थी। रिपोर्ट के अनुसार, हैकर्स द्वारा साझा किए गए दस्तावेज 2010 से 2019 के बीच के व्यक्तिगत और आधिकारिक रिकॉर्ड से जुड़े हो सकते हैं।

Youthwings