Fire Breaks Out In Girodpuri :गिरौदपुरी में भीषण आग, 10-12 दुकानें जलकर खाक, लाखों का नुकसान

बलौदाबाजार। जिले के प्रमुख धार्मिक स्थल गिरौदपुरी में भीषण आग लगने से 10 से 12 दुकानें जलकर पूरी तरह खाक हो गईं। इस घटना में दुकानदारों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

 

जानकारी के अनुसार, बंदरों की उछल-कूद के कारण ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे निकली चिंगारी ने पास की झोपड़ीनुमा दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग तेजी से फैल गई और कई दुकानें जल गईं।

 

घटना के दौरान दुकानदारों और ग्रामीणों ने मिलकर आग बुझाने की कोशिश की और काफी हद तक आग पर काबू पाया। हालांकि दमकल वाहन करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंचे, तब तक अधिकांश दुकानें जल चुकी थीं।

 

गिरौदपुरी पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। बताया जा रहा है कि ये दुकानें बाबा गुरु घासीदास मंदिर जाने वाले मार्ग पर स्थित थीं, जहां छोटे व्यापारी अपना व्यवसाय करते हैं।

 

गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, नहीं तो यह आग मंदिर परिसर तक भी पहुंच सकती थी। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने झोपड़ीनुमा दुकानों की जगह पक्की दुकानों के निर्माण की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Youthwings