Bird Flu Alert in Bilaspur: बिलासपुर में बर्ड फ्लू अलर्ट, मुर्गी और अंडे की बिक्री पर रोक

Bird Flu Alert in Bilaspur: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में H5N1 वायरस यानी बर्ड फ्लू के मामले सामने आने के बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। संक्रमण की पुष्टि के बाद जिला प्रशासन ने एहतियातन सख्त कदम उठाते हुए 1 किलोमीटर के क्षेत्र को इन्फेक्टेड जोन और 10 किलोमीटर के क्षेत्र को सर्विलांस जोन घोषित कर दिया है।

इन्फेक्टेड जोन में रामकृष्ण परमहंस नगर और विद्यासागर नगर वार्ड शामिल हैं, जहां विशेष निगरानी रखी जा रही है। इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल ने विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

प्रशासन ने आदेश जारी करते हुए इन्फेक्टेड और सर्विलांस जोन में सभी प्रकार की पोल्ट्री गतिविधियों पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। इसके तहत मुर्गी और अंडे जैसे पोल्ट्री उत्पादों की बिक्री, परिवहन और भंडारण पर रोक लगा दी गई है। साथ ही पोल्ट्री दुकानों को अस्थायी रूप से बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अलावा डोर-टू-डोर डिलीवरी सेवाओं पर भी प्रतिबंध लगाया गया है ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। प्रशासन ने साफ कहा है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने के लिए चेकपोस्ट भी स्थापित किए गए हैं।

स्थिति पर नियंत्रण के लिए स्वास्थ्य और पशुपालन विभाग को भी सक्रिय कर दिया गया है। कुक्कुट फार्म में काम करने वाले कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी संक्रमण को समय रहते रोका जा सके।

आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। यहां डॉ. जीएस तंवर को प्रभारी और डॉ. वीरेंद्र पिल्ले को उप प्रभारी नियुक्त किया गया है। नागरिकों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर 88278 17931 और 94061 58769 भी जारी किए गए हैं।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जारी किए गए दिशा-निर्देशों का पालन करें ताकि इस संक्रमण को नियंत्रित किया जा सके।

Youthwings