रायपुर में नशीली टैबलेट का बड़ा खुलासा, खिलौने के बॉक्स में छुपाकर करते थे सप्लाई

रायपुर। रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। नॉर्थ जोन पुलिस ने 676 नग प्रतिबंधित नशीली टैबलेट निट्रॉजपैम जब्त की है, जिन्हें आरोपी खिलौनों के बॉक्स में छुपाकर सप्लाई कर रहे थे।

 

यह कार्रवाई Raipur पुलिस द्वारा 21 मार्च को मिली सूचना के आधार पर की गई। पुलिस को खबर मिली थी कि कलिंग नगर स्थित CSEB मैदान के पास दो युवक नशीली टैबलेट बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं।

 

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम सिद्धू बाघ और रोहित कुमार बताए, जो रायपुर के निवासी हैं।

 

तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके दोपहिया वाहन से 676 नग निट्रॉजपैम टैबलेट बरामद की। इसके अलावा आरोपियों के पास से एक बटनदार चाकू, तीन मोबाइल फोन और एक वाहन भी जब्त किया गया। जब्त सामान की कुल कीमत लगभग 1.17 लाख रुपये बताई गई है।

 

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह नशीली दवाएं उड़ीसा से लाकर रायपुर में सप्लाई करते थे। पुलिस अब इस मामले में आगे की जांच करते हुए सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

 

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस कार्रवाई से नशे के अवैध कारोबार पर बड़ा प्रहार हुआ है और आने वाले समय में इस तरह की गतिविधियों पर और सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।

Youthwings