ईरान ने अपने रेसलिंग स्टार को दी फांसी, अन्य एथलीटों की हलक में अटकी जान… जानिए क्यों?
ईरान में 19 वर्षीय उभरते इंटरनेशनल रेसलर Saleh Mohammadi को कथित रूप से फांसी दिए जाने की खबर सामने आई है, जिसके बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तीखी प्रतिक्रिया देखी जा रही है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, मोहम्मदी पर जनवरी में हुए सरकार विरोधी प्रदर्शनों के दौरान दो पुलिस अधिकारियों की हत्या का आरोप लगाया गया था। उन पर ‘ईश्वर के विरुद्ध शत्रुता’ (मोहारेबेह) का मामला दर्ज किया गया था। उनके साथ मेहदी गसेमी और सईद दाऊदी को भी सजा दी गई।
बताया जा रहा है कि यह घटना Qom में हुई, जहां 8 जनवरी को प्रदर्शन के दौरान कथित रूप से पुलिस पर हमला किया गया था। इसके बाद तीनों को दोषी ठहराया गया।
मानवाधिकार संगठन Hengaw Organization for Human Rights ने इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर वीडियो साझा किया और दावा किया कि मोहम्मदी को 19 मार्च 2026 की सुबह गुपचुप तरीके से फांसी दी गई।
सालेह मोहम्मदी का जन्म 2007 में हुआ था और उन्होंने 2024 में रूस के क्रास्नोयार्स्क में आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीता था। वे ईरान की राष्ट्रीय फ्रीस्टाइल कुश्ती टीम के उभरते खिलाड़ी माने जाते थे।
इस घटना के बाद ईरान में अन्य खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। इससे पहले भी ईरान में Navid Afkari को फांसी दिए जाने का मामला अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विवाद का कारण बना था।
विशेषज्ञों का मानना है कि ईरान सरकार इस तरह के कड़े कदमों के जरिए विरोध प्रदर्शनों को रोकने और सख्त संदेश देने की कोशिश कर रही है। देश में आर्थिक संकट और महंगाई के कारण हाल के महीनों में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन हुए हैं।
