ऑपरेशन ‘निश्चय’ में बड़ी सफलता: तिल्दा-नेवरा पुलिस ने 2 किलो से ज्यादा गांजा के साथ युवक गिरफ्तार
ऑपरेशन ‘निश्चय’
रायपुर जिले के तिल्दा-नेवरा में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक, रायपुर रेंज के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन निश्चय” के तहत की गई।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
18 मार्च 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति रेलवे ओवरब्रिज के नीचे गांजा छिपाकर बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है और फरार होने की कोशिश में है। सूचना मिलते ही थाना तिल्दा-नेवरा पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
महाराष्ट्र निवासी आरोपी गिरफ्तार
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम प्रज्वल किसन हुके (22 वर्ष) निवासी वर्धा, महाराष्ट्र बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक झोले में रखा 2 किलो 267 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब ₹1,13,350 आंकी गई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने गांजा को विशेष तरीके से सिलकर अपने पेट के ऊपर बांध रखा था, ताकि किसी को शक न हो।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस मामले में थाना तिल्दा-नेवरा में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर रायपुर केंद्रीय जेल भेज दिया गया है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत शुक्ला और एसडीओपी वीरेन्द्र चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी और उनकी टीम ने इस कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
