दुर्ग में पुलिस जवान की मारपीट का वीडियो वायरल, युवक पर बंदूक की बट से हमला करने का आरोप
दुर्ग। जिले के छावनी थाना क्षेत्र से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस जवान युवक के साथ मारपीट करते हुए दिखाई दे रहा है।
जानकारी के अनुसार यह घटना गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे की बताई जा रही है। पीड़ित युवक नागेश साहू काम के सिलसिले में भिलाई आया हुआ था और पावर हाउस रेलवे स्टेशन के पास अपने साथियों के साथ खड़ा था।
इसी दौरान सराफा बाजार में ड्यूटी पर तैनात छावनी थाना के दो सिपाही लव पांडेय और राकेश चौधरी वहां पहुंचे और आसपास मौजूद लोगों को वहां से हटाने लगे। आरोप है कि इसी दौरान सिपाही राकेश चौधरी ने नागेश साहू पर बंदूक की बट से हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि यह पूरी घटना पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वायरल हो रहे वीडियो में पुलिसकर्मी युवक पर बंदूक की बट से वार करते हुए नजर आ रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि इस मामले में अब तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
