बलौदाबाजार में राशन की गड़बड़ी का मामला, चावल से भरा वाहन जब्त
बलौदाबाजार। जिले के ग्राम रसेड़ी में संचालित उचित मूल्य की दुकान में राशन की गड़बड़ी का मामला सामने आया है। ग्रामीणों की शिकायत के बाद सरपंच की सूचना पर खाद्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए चावल से भरे एक वाहन को जब्त कर लिया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार ग्राम रसेड़ी में संचालित उचित मूल्य की दुकान के संचालक पर ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि वह हितग्राहियों को निर्धारित मात्रा से कम राशन दे रहा था। आरोप है कि बचा हुआ चावल इकट्ठा कर बाहर बेचने की तैयारी की जा रही थी।
सरपंच और ग्रामीणों ने वाहन रोका
ग्रामीणों को जब जानकारी मिली कि दुकान के सामने एक वाहन में बड़ी मात्रा में चावल लोड किया जा रहा है, तो उन्होंने इसकी सूचना ग्राम सरपंच को दी। सरपंच मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के साथ मिलकर वाहन को रोक लिया। जांच के दौरान वाहन में 50 से अधिक बोरियों में चावल भरा हुआ पाया गया। इसके बाद सरपंच ने तुरंत खाद्य विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलने पर खाद्य विभाग के खाद्य निरीक्षक मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। सरपंच और ग्रामीणों के बयान दर्ज किए गए। प्राथमिक जांच के बाद चावल से भरे वाहन को जब्त कर लिया गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि दुकान संचालक लोगों को कम राशन देकर बचा हुआ चावल इकट्ठा कर रहा था और उसे वाहन के जरिए बाहर भेजा जा रहा था। ग्रामीणों ने इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं उचित मूल्य दुकान के संचालक झमकलाल साहू ने आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि वाहन में जो चावल लोड किया जा रहा था, वह राशन कार्डधारी उपभोक्ताओं से खरीदा गया था।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
खाद्य निरीक्षक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जब्त किए गए चावल और वाहन से संबंधित जानकारी एकत्र कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी और एसडीएम के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि बलौदाबाजार-भाटापारा जिले की कई सोसायटियों में इस तरह की गड़बड़ी की शिकायतें सामने आती रही हैं, जहां राशन के चावल की अफरातफरी कर बाहरी दुकानदारों को बेचा जाता है।
सरकार की योजना है कि कोई भी व्यक्ति भूखा न सोए, लेकिन ऐसी घटनाएं योजना के दुरुपयोग की ओर इशारा करती हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में आगे क्या कार्रवाई करता है।

