Chhattisgarh Morning News: बलरामपुर-महासमुंद दौरे पर CM, बस्तर में बारिश का अलर्ट
Chhattisgarh Morning News
Chhattisgarh Morning News: छत्तीसगढ़ में रविवार 15 मार्च की सुबह कई अहम खबरों के साथ शुरू हुई है। एक ओर मुख्यमंत्री का प्रदेश के अलग-अलग जिलों में दौरा प्रस्तावित है, वहीं राजधानी रायपुर में सिंधी समाज के पारंपरिक उत्सव “सिंधियत जो मेलो” का समापन दिवस आयोजित किया जा रहा है। इसके अलावा मौसम विभाग ने बस्तर संभाग के कुछ जिलों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है।
मुख्यमंत्री का आज का कार्यक्रम
मुख्यमंत्री आज सुबह 10:25 बजे नवा रायपुर अटल नगर स्थित मुख्यमंत्री निवास से पुलिस मुख्यालय हेलीपेड के लिए रवाना होंगे। इसके बाद हेलीकॉप्टर से बलरामपुर जिले के दौरे पर जाएंगे।
बलरामपुर में वे वार्ड नंबर 12, मिशन रोड क्षेत्र में निर्धारित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर में महासमुंद जिले के बसना तहसील के ग्राम गढ़फुलझर में आयोजित “होला महल्ला” कार्यक्रम में शामिल होने का कार्यक्रम तय है।
कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से वापस रायपुर लौटेंगे। शाम को सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास में उनका कार्यक्रम आरक्षित रहेगा। रात में नवा रायपुर के होटल मेफेयर लेक रिसॉर्ट में आयोजित कार्यक्रम में भी उनके शामिल होने की संभावना है।
रायपुर में “सिंधियत जो मेलो” का समापन
राजधानी रायपुर में सिंधी समाज का पारंपरिक उत्सव “चेट्रीचंड्र” के अवसर पर आयोजित “सिंधियत जो मेलो” का आज अंतिम दिन है। रायपुर के ललित महल में 14 और 15 मार्च को आयोजित इस दो दिवसीय कार्यक्रम में सिंधी संस्कृति और परंपरा की झलक देखने को मिल रही है।
सिंधी पंचायत द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में भगवान झूलेलाल के जन्मोत्सव के अवसर पर भजन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और सामुदायिक कार्यक्रम हो रहे हैं। इस आयोजन में युवाओं की भी बड़ी भागीदारी देखने को मिल रही है।
मौसम का बदला मिजाज
मौसम की बात करें तो छत्तीसगढ़ में गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है। कई जिलों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और राजनांदगांव में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है।
राजधानी रायपुर में भी सुबह से तेज धूप और गर्मी महसूस की जा रही है। लोग धूप से बचने के लिए चेहरे ढककर बाहर निकल रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार बस्तर संभाग के कई जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है।
पिछले 24 घंटों में प्रदेश का सबसे ज्यादा तापमान राजनांदगांव में 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर सबसे ठंडा शहर रहा जहां न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
