रायपुर में LPG दुरुपयोग पर सख्ती: 350 से ज्यादा घरेलू सिलेंडर जब्त, होटल-एजेंसी पर छापा!

रायपुर। जिले में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग, कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त अभियान शुरू किया है। डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर खाद्य विभाग की संयुक्त जांच टीम ने विभिन्न विकासखंडों में जांच कर बड़ी कार्रवाई करते हुए 350 से अधिक घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडर जब्त किए हैं।

सेजबहार क्षेत्र में कार्रवाई

धरसींवा विकासखंड के सेजबहार क्षेत्र स्थित कमल होटल में घरेलू एलपीजी गैस का व्यावसायिक उपयोग करते पाए जाने पर 14.2 किलोग्राम क्षमता के 8 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। इसी क्षेत्र में बाबूलाल चिकन सेंटर में भी घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग पाया गया, जहां से 14.2 किलोग्राम क्षमता के 3 घरेलू सिलेंडर जब्त किए गए।

अभनपुर-नवापारा क्षेत्र में कालाबाजारी का मामला

अभनपुर-नवापारा क्षेत्र स्थित रवि ग्लास एंड प्लाइवुड में एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी करते पाए जाने पर 14.2 किलोग्राम क्षमता के 26 घरेलू सिलेंडर, 19 किलोग्राम क्षमता के 2 व्यावसायिक सिलेंडर तथा 5 किलोग्राम क्षमता के 4 सिलेंडर जब्त किए गए।

गैस एजेंसी में स्टॉक में गड़बड़ी

12 मार्च 2026 को खाद्य विभाग की टीम ने कोरासी इंडेन ग्रामीण वितरक गैस एजेंसी की भी जांच की। भौतिक सत्यापन के दौरान एजेंसी के रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक में अंतर पाया गया। जांच में 14.2 किलोग्राम क्षमता के 101 भरे और 64 खाली घरेलू सिलेंडर, तथा 19 किलोग्राम क्षमता के 23 खाली व्यावसायिक सिलेंडर का अंतर सामने आया।

इस अनियमितता के चलते एजेंसी के गोदाम में मौजूद कुल 355 घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडरों को जब्त कर एजेंसी की सुपुर्दगी में दिया गया। जांच में द्रवित पेट्रोलियम गैस (वितरण एवं विनियमन) आदेश, 2000 के विभिन्न प्रावधानों का उल्लंघन पाया गया है।

Youthwings