रायपुर में महिलाओं की सुरक्षा के लिए शुरू हुई पिंक पेट्रोल यूनिट, आपात स्थिति में तुरंत मिलेगी मदद
पिंक पेट्रोल यूनिट
रायपुर; महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत बनाने और आपात स्थिति में उन्हें त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने पिंक पेट्रोल यूनिट की शुरुआत की है। इस नई व्यवस्था के तहत कॉल ट्रैकिंग और नियमित पेट्रोलिंग के माध्यम से महिलाओं तक तुरंत मदद पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने इस पहल की शुरुआत करते हुए तीन पेट्रोलिंग यूनिट को शहर में तैनात किया है। इन यूनिट्स में कुल 27 अधिकारी और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर शुरू की गई सेवा
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित कांबले ने पिंक पेट्रोलिंग वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अधिकारियों के मुताबिक, इस यूनिट में तैनात पुलिसकर्मी कंट्रोल रूम, कॉल ट्रेकर और पेट्रोलिंग टीम के समन्वय से महिलाओं से जुड़ी शिकायतों और आपात स्थितियों में तुरंत मौके पर पहुंचकर सहायता प्रदान करेंगे।
दो शिफ्ट में करेगी काम
पिंक पेट्रोलिंग टीम दो अलग-अलग शिफ्टों में काम करेगी। पहली शिफ्ट सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक रहेगी। महिलाओं से संबंधित किसी भी आपात कॉल की जानकारी कंट्रोल यूनिट द्वारा संबंधित डीसीपी जोन की पिंक पेट्रोलिंग टीम को दी जाएगी। सूचना मिलते ही टीम तुरंत मौके पर पहुंचकर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराएगी। यह यूनिट रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के तहत काम करेगी और इसे शहर के तीनों डीसीपी जोन के अनुसार तैनात किया गया है। प्रत्येक जोन में एक पिंक पेट्रोलिंग टीम नियमित रूप से निगरानी करेगी।
कामकाजी महिलाओं और छात्राओं पर रहेगा विशेष फोकस
पिंक पेट्रोलिंग टीम खासतौर पर कामकाजी महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा पर ध्यान देगी। जरूरत पड़ने पर मौके पर ही काउंसिलिंग और सहायता भी प्रदान की जाएगी। इसके अलावा हॉस्टल और पीजी में रहने वाली महिलाओं से लगातार संपर्क बनाए रखने की भी व्यवस्था की गई है। किसी मामले में कानूनी कार्रवाई की जरूरत होने पर महिला हेल्पडेस्क और महिला थाना के साथ समन्वय स्थापित कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्कूल-कॉलेज और मॉल में भी चलाया जाएगा अभियान
पिंक पेट्रोल यूनिट सार्वजनिक स्थानों के अलावा सप्ताह में दो दिन स्कूल-कॉलेज और शॉपिंग मॉल में भी जाकर महिला सुरक्षा कानूनों के बारे में जागरूकता अभियान चलाएगी। इसके साथ ही ईव-टीजिंग और स्टॉकिंग की संभावित घटनाओं को रोकने के लिए संवेदनशील स्थानों पर सरप्राइज पेट्रोलिंग, सर्वे और मैपिंग की जाएगी। इन इलाकों में होने वाली गतिविधियों पर भी पुलिस की नजर रहेगी।
मदद के लिए जारी किया गया हेल्पलाइन नंबर
महिलाओं को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए पुलिस ने व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 94792-10932 भी जारी किया है। किसी भी तरह की समस्या होने पर महिलाएं इस नंबर पर संपर्क कर पुलिस से मदद मांग सकती हैं। इस पहल की शुरुआत के दौरान अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त मुख्यालय डॉ. अर्चना झा, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त सेंट्रल तारकेश्वर पटेल, सहायक पुलिस आयुक्त सीएडब्ल्यू रुचि वर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त लाइन नीलेश द्विवेदी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
read more : बीयर की बोतल में निकला दूसरा ब्रांड, स्टीकर हटाते ही खुली पोल; वीडियो वायरल
