बीयर की बोतल में निकला दूसरा ब्रांड, स्टीकर हटाते ही खुली पोल; वीडियो वायरल
बीयर की बोतल में निकला दूसरा ब्रांड
राजनांदगांव शहर में एक मदिरा प्रेमी को उस समय हैरानी का सामना करना पड़ा, जब उसने अपनी पसंद की बीयर खरीदने के बाद बोतल पर लगा स्टीकर हटाया। आमतौर पर स्टीकर के अंदर सीधे कांच की बोतल दिखाई देती है, लेकिन इस मामले में स्टीकर के भीतर किसी दूसरी कंपनी का स्टीकर चिपका हुआ मिला। इस अनोखी गड़बड़ी को देखकर ग्राहक ने उसका वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। वीडियो के वायरल होते ही मामला तेजी से चर्चा में आ गया और आबकारी विभाग भी हरकत में आ गया। विभाग ने पूरे मामले की जांच करते हुए विस्तृत रिपोर्ट तैयार की है, जिसे प्रदेश स्तर पर भी भेज दिया गया है।
पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला
बताया जा रहा है कि यह पहला अवसर नहीं है जब इस तरह की गड़बड़ी सामने आई हो। इससे पहले भी प्रदेश के अन्य जिलों में इसी कंपनी की बीयर बोतलों में दूसरे ब्रांड के स्टीकर मिलने की शिकायत सामने आ चुकी है। उस समय मामला सामने आने के बाद आबकारी विभाग ने संबंधित कंपनी को नोटिस जारी किया था और उस पर जुर्माना भी लगाया गया था। कंपनी द्वारा जुर्माने की राशि जमा कर दी गई थी। हालांकि करीब पांच महीने के भीतर एक बार फिर उसी कंपनी से जुड़ा ऐसा मामला सामने आने के बाद विभाग में हलचल बढ़ गई है।
बिक्री पर पहले से लगी थी रोक
स्थानीय आबकारी विभाग से मिली जानकारी के अनुसार सूरजपुर जिले में नवंबर महीने में भी इसी तरह की घटना सामने आई थी। इसके बाद प्रदेश स्तर से सभी जिलों को उस कंपनी की बीयर की बिक्री पर अगले आदेश तक रोक लगाने के निर्देश दिए गए थे। इस वजह से उक्त बीयर का स्टॉक शहर की प्रीमियम वाइन शॉप में रखा हुआ था। बताया जा रहा है कि होली त्योहार के दौरान अंबेडकर चौक स्थित प्रीमियम वाइन शॉप के एक सेल्समेन ने गलती से उस बीयर की बोतल एक ग्राहक को बेच दी।
सेल्समेन को जारी किया गया नोटिस
आबकारी अधिकारी अभिषेक तिवारी ने बताया कि प्रतिबंध के बावजूद उक्त बीयर की बिक्री किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में प्रीमियम वाइन शॉप के संबंधित सेल्समेन को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। फिलहाल विभाग ने मामले की जांच करते हुए पूरी रिपोर्ट तैयार कर ली है और उसे उच्च अधिकारियों को भेज दिया गया है। वहीं बीयर की बोतल में दो अलग-अलग ब्रांड के स्टीकर मिलने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे लोगों के बीच यह मामला चर्चा का विषय बन गया है।
read more : “सबसे बड़ा घोटाला धान खरीदी में हो रहा है” : विधानसभा में गूंजा बस्तर के किसानों और राशन दुकानों का मुद्दा
