गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ने पर कांग्रेस का प्रदर्शन, पीएम का पुतला फूंका

राजनांदगांव। देशभर में 7 मार्च से घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में 60 रुपए और कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम में 115 रुपए की बढ़ोतरी से लोगों को महंगाई का झटका लगा है। केंद्र सरकार के इस फैसले के विरोध में सोमवार को राजनांदगांव में शहर कांग्रेस कमेटी ने विरोध प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया।

 

प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष विपिन यादव ने कहा कि भारत सरकार द्वारा घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में 60 रुपये और कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में 115 रुपये की वृद्धि किए जाने से आम जनता, गृहिणियों और व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

 

उन्होंने बताया कि इसी के विरोध में शहर कांग्रेस कमेटी ने जयस्तंभ चौक में विरोध प्रदर्शन किया।

 

शहर कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम आदमी की परेशानी बढ़ती जा रही है। रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी से घरेलू बजट बिगड़ रहा है। वहीं कॉमर्शियल सिलेंडर महंगे होने से छोटे व्यापारियों और होटल व्यवसायियों पर भी असर पड़ रहा है।

Youthwings