Wadraf Nagar Crime News: रेप पीड़िता ने दर्ज कराई FIR तो सरपंच ने पूरे परिवार का किया सामाजिक बहिष्कार
Shadowy figure with a knife behind glass,soft focus
Wadraf Nagar Crime News: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर क्षेत्र से एक बेहद संवेदनशील और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बसंतपुर थाना क्षेत्र में 12 साल की एक गर्भवती रेप पीड़िता और उसके पूरे परिवार को गांव के सरपंच द्वारा समाज से बहिष्कृत करने का आरोप लगा है।
मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता ने अपने साथ हुए दुष्कर्म की घटना को लेकर आरोपी के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई थी। लेकिन न्याय की उम्मीद लेकर थाने पहुंचने के बाद पीड़िता और उसके परिवार को उल्टा सामाजिक दबाव और सजा का सामना करना पड़ा।
आरोप है कि गांव के सरपंच ने पंचायत में फैसला सुनाते हुए पीड़िता और उसके परिवार को समाज से बाहर कर दिया। इतना ही नहीं, पूरे परिवार को 12 साल तक सामाजिक बहिष्कार की सजा सुनाने की बात भी सामने आई है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि इस फैसले के बाद उन्हें गांव में कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सामाजिक बहिष्कार के कारण परिवार का सामान्य जीवन भी प्रभावित हो गया है।
वहीं पीड़िता ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही सरपंच द्वारा सुनाए गए इस फैसले को लेकर भी जांच की मांग की जा रही है।
फिलहाल इस मामले के सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है और प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर लोगों की नजरें अब पुलिस और प्रशासन पर टिकी हुई हैं।
