होली से पहले रायपुर में फूड सेफ्टी की बड़ी कार्रवाई: 2.30 लाख का संदिग्ध शहद जब्त, 94 नमूनों की जांच
होली से पहले रायपुर में फूड सेफ्टी की बड़ी कार्रवाई
होली पर्व को देखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए रायपुर में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने सख्त अभियान चलाया। इसी दौरान बस स्टैंड पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए संदिग्ध शहद की खेप जब्त की गई।
बस स्टैंड पर 37 कंटेनर शहद जब्त
टीम को सूचना मिली थी कि बस से उतरी एक महिला के पास बड़ी मात्रा में कंटेनर मौजूद हैं। जांच करने पर पता चला कि महिला का नाम नूरजहां खातून है, जो बिहार के हजारीबाग की रहने वाली है और शहद बेचने रायपुर आई थी। 37 कंटेनरों में करीब साढ़े पांच सौ लीटर शहद भरा हुआ था, जिसकी अनुमानित कीमत 2.30 लाख रुपए आंकी गई है। शहद की गुणवत्ता संदिग्ध लगने पर टीम ने पूरी खेप जब्त कर ली और विधिक जांच के लिए सैंपल प्रयोगशाला भेज दिए। अभिहित अधिकारी विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मिठाई और खोवा समेत 20 से ज्यादा लीगल सैंपल लिए गए
होली के दौरान बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए टीम लगातार निरीक्षण कर रही है। पिछले सप्ताहभर में 20 से अधिक विधिक नमूने लिए गए हैं।
जिन प्रतिष्ठानों से सैंपल लिए गए, उनमें शामिल हैं: सुपर स्वीट्स से लूज पेड़ा, बीकानेर मिठाईवाला से लूज खोवा, शारदा डेयरी एंड फूड प्रोडक्ट से पेड़ा, न्यू जनता स्वीट्स एंड बेकर्स से खोवा, जगदम्बा बीकानेर स्वीट्स से काजू कतली, कृष्णा स्वीट्स से बेसन लड्डू, मीठा महल से पिस्ता बिस्किट और बेसन लड्डू, न्यू जनता होटल से कलाकंद यह पूरी कार्रवाई अभिहित अधिकारी विनोद गुप्ता के नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कंचन वर्मा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सतीश राज, संतोष ध्रुव, नमूना सहायक सुजीत मुखर्जी, निधि यादव, होरेन्द्र प्रकाश देवांगन और राकेश घिदौड़े की संयुक्त टीम ने की।
दोसा, ब्रेड और अन्य खाद्य पदार्थ भी जांच के दायरे में
खाद्य सुरक्षा टीम ने कैफे बेंगलुरु से मसाला दोसा, न्यू नाइस बेकरी से ब्रेड, अन्य दुकानों से नारियल चटनी, छोले-भटूरे, ड्राई फ्रूट लड्डू, रेड खजूर और वेज सैंडविच के निगरानी नमूने भी लिए। चलित खाद्य प्रयोगशाला के माध्यम से कुल 94 खाद्य नमूनों की मौके पर जांच की गई, जिसमें 87 नमूने मानक पाए गए, 05 नमूने अमानक, 02 नमूने मिथ्याछाप (गलत ब्रांडिंग) पाए गए, पान दुकानों से गुटखा जब्त अभियान के दौरान पान दुकानों पर भी कार्रवाई की गई। जय दुर्गा पान मसाला से पान पसंद के 15 पैकेट, पान राज के 62 पैकेट और सितार ब्रांड के 53 पैकेट जब्त किए गए। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 26 हजार रुपए बताई गई है।
उल्लेखनीय है कि करीब बीस दिन पहले खमतराई क्षेत्र के रावांभाठा ट्रांसपोर्ट नगर से 170 बोरी प्रतिबंधित सितार गुटखा बरामद किया गया था, जिसकी कीमत लगभग 25 लाख रुपए आंकी गई थी। इस मामले में एफआईआर भी दर्ज की गई थी।
त्योहार में मिलावट पर सख्ती
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि होली जैसे त्योहारों में मिलावटी और घटिया खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। उपभोक्ताओं से भी अपील की गई है कि संदिग्ध खाद्य सामग्री की सूचना विभाग को दें।
