Scholarship : छात्रों के लिए बड़ा तोहफा, सरकार देगी छात्रवृत्ति… जानें कैसे करे आवेदन और कब है अंतिम तिथि
छत्तीसगढ़ में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी राष्ट्रीय साधन सह प्रावीण्य छात्रवृत्ति योजना (NMMS) के तहत 2 मई 2026 को परीक्षा आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के अंतर्गत स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा संचालित की जाती है।
इस योजना के अंतर्गत चयनित कक्षा 8वीं के आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को कक्षा 9वीं से 12वीं तक प्रतिमाह ₹1000 की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। यह राशि सीधे केंद्र सरकार द्वारा दी जाएगी, जिससे विद्यार्थियों को उच्च माध्यमिक शिक्षा जारी रखने में आर्थिक सहायता मिल सके।
आवेदन प्रक्रिया शुरू
NMMS परीक्षा 2025-26 के लिए आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। विद्यार्थी ऑफलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 20 मार्च निर्धारित की गई है। इस संबंध में छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
पात्रता शर्तें
इस परीक्षा में वही विद्यार्थी शामिल हो सकेंगे जो राज्य शासन द्वारा संचालित शासकीय, शासकीय अनुदान प्राप्त या स्थानीय निकाय के स्कूलों में कक्षा 8वीं में अध्ययनरत हों।
जिन्होंने कक्षा 7वीं में न्यूनतम 55% अंक प्राप्त किए हों (एससी/एसटी वर्ग के लिए 5% की छूट)।
जिनके माता-पिता या पालक की सभी स्रोतों से वार्षिक आय ₹3.50 लाख से अधिक न हो।
केंद्रीय विद्यालय, नवोदय विद्यालय, निजी एवं आवासीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थी इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगे।
परीक्षा और अन्य जानकारी
परीक्षा आवेदन पत्र का प्रारूप एवं परीक्षा केंद्रों की सूची सभी जिला शिक्षा अधिकारियों तथा 145 परीक्षा केंद्राध्यक्षों को भेजी गई है। विस्तृत जानकारी मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध है।
माध्यमिक शिक्षा मंडल ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर अधिक से अधिक विद्यार्थियों से परीक्षा में शामिल होकर केंद्र सरकार की इस योजना का लाभ उठाने की अपील की है।

