इजरायल में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए अलर्ट: भारत ने जारी किए आपात हेल्पलाइन नंबर और ईमेल
ईरान-इजराइल
ईरान पर अमेरिका और इजरायल की संयुक्त सैन्य कार्रवाई के बाद मध्य-पूर्व में बढ़े तनाव को देखते हुए भारत सरकार ने इजरायल में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए आधिकारिक एडवाइजरी जारी की है। सरकार ने नागरिकों से अत्यधिक सतर्कता बरतने, अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने की अपील की है। यह कदम इजराइल द्वारा ईरान पर किए गए कथित ‘प्रिवेंटिव अटैक’ के बाद संभावित जवाबी कार्रवाई की आशंकाओं के मद्देनज़र उठाया गया है।
भारतीय नागरिकों के लिए सख्त निर्देश
भारतीय दूतावास, तेल अवीव ने इजरायल में रह रहे भारतीय नागरिकों को अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों के आसपास ही रहने की सलाह दी है। दूतावास ने स्पष्ट किया है कि सभी नागरिक स्थानीय सुरक्षा एजेंसियों और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करें। साथ ही, नागरिकों को दूतावास के संपर्क में बने रहने और अपनी वर्तमान स्थिति की जानकारी साझा करने को कहा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
24×7 आपातकालीन हेल्पलाइन और ईमेल जारी
भारतीय दूतावास ने संकट की स्थिति में सहायता के लिए चौबीसों घंटे सक्रिय रहने वाले आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर और ईमेल आईडी भी जारी किए हैं।
आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर:
+972-547520711
+972-543278392
ईमेल:
cons1.telaviv@mea.gov.in
इन माध्यमों से भारतीय नागरिक पंजीकरण, सुरक्षा से जुड़ी जानकारी और किसी भी प्रकार की आपात सहायता के लिए सीधे दूतावास से संपर्क कर सकते हैं।
दूतावास में पंजीकरण कराने की अपील
भारत सरकार ने उन सभी भारतीय नागरिकों से अपील की है, जिन्होंने अभी तक दूतावास में अपना पंजीकरण नहीं कराया है, वे जल्द से जल्द ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज करें। यह पंजीकरण आपात स्थिति में नागरिकों की पहचान, संपर्क और सुरक्षित निकासी की योजना बनाने में अत्यंत सहायक होता है। दूतावास ने इसके लिए अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर पंजीकरण लिंक भी उपलब्ध कराया है।
हवाई सेवाओं पर असर, उड़ान से पहले जानकारी लेने की सलाह
ईरान द्वारा अपना हवाई क्षेत्र बंद किए जाने और इजरायल में आपातकाल की घोषणा के बाद अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवाएं प्रभावित हुई हैं। कई एयरलाइंस ने उड़ानें रद्द कर दी हैं या उनके मार्गों में बदलाव किया गया है। भारतीय नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे हवाई अड्डे जाने से पहले अपनी एयरलाइन से उड़ान की स्थिति की पुष्टि अवश्य कर लें।
क्षेत्रीय हालात पर भारत की नजर, कूटनीतिक प्रयास जारी
भारत सरकार इस पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर शांति और संयम की अपील कर रही है। विदेश मंत्रालय, भारत इजराइल और ईरान स्थित भारतीय दूतावासों के संपर्क में है। सरकार का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में रह रहे भारतीय पेशेवरों, छात्रों और कामगारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
read more : छत्तीसगढ़ राज्यसभा चुनाव 2026: दो सीटों पर सस्पेंस बरकरार, नामांकन और होली की तारीख टकराने से बढ़ी हलचल
