रिटायर्ड आर्मी अफसर और बैंक कर्मी के घर चोरों का धावा; CCTV खंगाल रही पुलिस

बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगला स्थित अभिषेक विहार फेस-2 कॉलोनी में चोरों ने दो सूने मकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी को अंजाम दिया। घटना के बाद कॉलोनी में दहशत का माहौल है और रहवासियों ने रात में पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार प्रार्थी शैलेश शुक्ल, जो सेवानिवृत्त आर्मी अधिकारी हैं, 19 फरवरी को परिवार सहित बलौदाबाजार में रिश्तेदारी की शादी में शामिल होने गए थे। 21 फरवरी को लौटने पर घर का मुख्य दरवाजा टूटा मिला। अंदर सामान बिखरा था और आलमारी तोड़कर सोने-चांदी के जेवर व नगदी पार कर दी गई थी। पीड़ित के मुताबिक करीब 4.50 लाख रुपये की संपत्ति चोरी हुई है।

इसी कॉलोनी में बैंक कर्मी अंकित श्रीवास के घर भी चोरी हुई। वह फील्ड विजिट पर कोटा गए थे और रात वहीं रुके थे। पुलिस के अनुसार आरोपी एक्टिवा से आए थे और वारदात के बाद उसलापुर स्टेशन मार्ग से फरार हो गए। रास्ते में जेवर के पाउच और खाली डिब्बे फेंक दिए गए, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया है।

सूचना मिलते ही पुलिस, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि रिटायर्ड आर्मी अफसर ने अधिकांश कीमती जेवर बैंक लॉकर में रखे थे, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। उनके घर से करीब एक लाख रुपये नकद और लगभग दो लाख रुपये के जेवर चोरी हुए। वहीं बैंक कर्मी के घर से करीब 50 हजार रुपये से अधिक का सामान पार किया गया।

सिविल लाइन थाना क्षेत्र का दायरा बड़ा होने के कारण पेट्रोलिंग टीम रात में केवल एक राउंड लगा पाती है। पुलिस के जाते ही चोर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। पिछले ढाई महीनों में क्षेत्र में लगातार चोरियां हो रही हैं। मंगला चौक स्थित एक ज्वेलरी शॉप में भी हाल ही में चोरी हुई थी। कई मामलों में अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

Youthwings