चंदखुरी में स्थापित होगी 51 फीट ऊंची वनवासी श्रीराम प्रतिमा, रायपुर पहुंची मूर्ति
रायपुर। चंदखुरी स्थित कौशल्या माता मंदिर परिसर में स्थापना के लिए भगवान श्रीराम की 51 फीट ऊंची वनवासी प्रतिमा रायपुर पहुंच गई है। इस प्रतिमा का निर्माण ग्वालियर के रीजनल आर्ट एंड क्राफ्ट डिजाइन सेंटर में प्रसिद्ध मूर्तिकार दीपक विश्वकर्मा द्वारा किया गया है।
नई प्रतिमा की स्थापना वर्ष 2021 में कांग्रेस शासनकाल के दौरान कौशल्या धाम परिसर में स्थापित 51 फीट ऊंची श्रीराम प्रतिमा के स्थान पर की जाएगी। उस समय तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार ने राम वन पथ गमन और कौशल्या धाम के जीर्णोद्धार को ड्रीम प्रोजेक्ट के रूप में प्रचारित किया था। हालांकि प्रतिमा के स्वरूप को लेकर विपक्ष में रही भाजपा ने आपत्ति जताते हुए कहा था कि भगवान राम की छवि मनमोहक और पारंपरिक स्वरूप के अनुरूप नहीं है।
सांसद ने मुख्यमंत्री को लिखा था पत्र
पिछले वर्ष 20 नवंबर को भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद भी नई प्रतिमा की स्थापना में हो रही देरी पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखा था।
पत्र में उल्लेख किया गया था कि सरकार गठन के बाद भी मूर्ति परिवर्तन की मांग लगातार उठती रही, किंतु दो वर्षों के बाद भी प्रक्रिया पूर्ण नहीं होने से जनता में निराशा व्याप्त है।
पर्यटन मंत्री का आश्वासन
प्रदेश के पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा है कि चंदखुरी स्थित कौशल्या माता मंदिर परिसर में इसी माह प्रभु श्रीराम की नई मूर्ति विधि-विधान के साथ स्थापित कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि मूर्ति पूरी तरह तैयार है और रायपुर पहुंच चुकी है। स्थापना के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
