Youth Congress Protest News: ऑडिट से ठीक पहले आग, उठे भ्रष्टाचार के सवाल, यूथ कांग्रेस आज करेगी प्रदर्शन
Youth Congress Protest News: राजधानी रायपुर के लाभांडी स्थित आबकारी भवन में लगी आग की घटना ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है। इस मामले को लेकर यूथ कांग्रेस आज प्रदर्शन करने जा रही है। संगठन ने आबकारी विभाग में संगठित भ्रष्टाचार और कर्मचारियों के वेतन में कथित घोटाले का आरोप लगाते हुए प्रशासन को ज्ञापन सौंपने का ऐलान किया है।
यूथ कांग्रेस नेताओं का कहना है कि विभाग में काफी समय से कर्मचारियों के वेतन में कटौती और वित्तीय अनियमितताओं की शिकायतें मिल रही थीं। आग की इस घटना के बाद इन आरोपों ने और गंभीर रूप ले लिया है। संगठन का सवाल है कि कर्मचारियों के वेतन से की गई कटौती किसके आदेश पर हुई और कटे हुए पैसों का हिसाब कहां दर्ज है। उनका कहना है कि अगर सब कुछ पारदर्शी था तो फिर ऑडिट से ठीक पहले अहम फाइलों का जलना कई सवाल खड़े करता है।
दरअसल, बीते शनिवार देर रात आबकारी भवन की तीसरी मंजिल पर अचानक आग लग गई थी। इसी मंजिल पर आबकारी निगम का महत्वपूर्ण दफ्तर संचालित होता है। आग की चपेट में आने से कई जरूरी फाइलें और दस्तावेज जलकर नष्ट होने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि जिस सेक्शन में आग लगी, वहीं सोमवार से निगम के आय-व्यय से संबंधित ऑडिट प्रस्तावित था।
सूत्रों के अनुसार शनिवार को पूरे दिन ऑडिट की तैयारियों को लेकर अधिकारियों और कर्मचारियों की आवाजाही बनी रही। लेकिन देर रात कार्यालय बंद होने के कुछ समय बाद ही आग भड़क उठी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आग की शुरुआत ऑडिट से जुड़े कक्ष से हुई थी। जब तक दमकल की टीम मौके पर पहुंची, तब तक रिकॉर्ड रूम को भारी नुकसान हो चुका था।
फिलहाल शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है। पुलिस और एफएसएल की टीम मामले की जांच में जुटी है।
यूथ कांग्रेस ने इस पूरे घटनाक्रम को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। संगठन का कहना है कि इस मामले में साजिश की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। प्रदर्शन के दौरान दोषियों पर सख्त कार्रवाई और पूरी घटना की पारदर्शी जांच की मांग उठाई जाएगी।
