मदिरा प्रेमियों के लिए बुरी खबर: कल से 15 फरवरी तक शराब बिक्री पर रोक
शराब बिक्री पर रोक
अंबिकापुर। मैनपाट महोत्सव को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। कलेक्टर अजीत वसंत ने आदेश जारी करते हुए 13 से 15 फरवरी तक रोपाखार क्षेत्र में संचालित विदेशी मदिरा दुकान को पूर्णतः बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत आदेश
जारी निर्देश में बताया गया है कि छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 24 (1) के तहत प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए इन तीन दिनों को शुष्क दिवस (Dry Day) घोषित किया गया है। इस अवधि में शराब की बिक्री, परिवहन और परोसना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
13 से 15 फरवरी तक आयोजित होगा महोत्सव
प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मैनपाट में 13, 14 और 15 फरवरी को भव्य मैनपाट महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शुभारंभ करेंगे, जबकि अध्यक्षता पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल करेंगे। महोत्सव में देशभर के कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे और बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है।
कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए निर्णय
जिला प्रशासन का कहना है कि भारी भीड़ को देखते हुए कानून-व्यवस्था और लोक शांति बनाए रखने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।
