शराबी पति ने पत्नी और नाबालिग बेटी पर पेट्रोल डाल लगा दी आग.. लड़ रहे जिंदगी और मौत की जंग
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ के गौरेला क्षेत्र से एक बेहद क्रूर और हृदयविदारक घटना सामने आई है। पेंड्रा स्थित सुलभ शौचालय के महिला वॉशरूम क्षेत्र में पति शंकर पांडेय ने शराब के नशे में अपनी पत्नी शमा शर्मा और नाबालिग बेटी पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। दोनों मां-बेटी गंभीर रूप से झुलस गईं और जिला अस्पताल में भर्ती हैं। उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना के दौरान शंकर पांडेय ने पत्नी से शराब पीने को लेकर हुए वाद-विवाद के बाद गुस्से में आकर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। आग की लपटों ने पूरा कमरा अपनी चपेट में ले लिया और वहां रखा सारा सामान भी जलकर खाक हो गया।
जानकारी के अनुसार, शंकर पांडेय और उसका परिवार बिहार से पेंड्रा आकर सुलभ शौचालय में केयरटेकर का काम कर रहे थे। वे अस्थाई रूप से यहीं रहते थे और शौचालय की देखभाल व संचालन का दायित्व संभाल रहे थे। पति के शराब पीने की आदत को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था, जो इस क्रूर घटना का मुख्य कारण बना।
अभी तक पुलिस ने कोई औपचारिक प्राथमिकी दर्ज नहीं की है। अस्पताल से प्राप्त मेडिकल मेमो के आधार पर थाने में सूचना पहुंचाई गई है। पुलिस फरार आरोपी शंकर पांडेय की तलाश कर रही है।
जिला अस्पताल में बर्न यूनिट न होने के कारण दोनों मां-बेटी को आईपीडी में ही रखकर इलाज दिया जा रहा है। उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। डॉक्टरों का कहना है कि झुलसने की चपेट में जितना बड़ा हिस्सा आया है, उसे देखते हुए स्थिति गंभीर है।
