बदहाल सड़क के विरोध में कांग्रेसियों ने किया चक्काजाम, 10 दिन में सुधार नहीं हुआ तो…. दी चेतावनी

धरसींवा। धरसींवा क्षेत्र में भारी और ओवरलोड वाहनों के लगातार आवागमन से जर्जर हो चुकी सड़क अब ग्रामीणों के लिए गंभीर समस्या बन गई है। सड़क की खराब स्थिति और बढ़ती दुर्घटनाओं के विरोध में सोमवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी धरसींवा के नेतृत्व में कुथरैल चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चक्काजाम कर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

जानकारी के अनुसार तिवरैया से कुथरैल मोड़ तक मुख्य मार्ग की हालत बेहद खराब हो चुकी है। सड़क पर स्पीड ब्रेकर नहीं होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे आम नागरिकों, स्कूली बच्चों और मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी मुद्दे को लेकर बाबा साहेब अंबेडकर चौक, कुथरैल में एक दिवसीय सांकेतिक धरना-प्रदर्शन और चक्काजाम किया गया।

पूर्व विधायक अनिता शर्मा ने कहा कि मार्ग पर लगातार हो रही दुर्घटनाएं चिंता का विषय हैं। उन्होंने प्रशासन से सड़क की शीघ्र मरम्मत और आवश्यक स्थानों पर गति अवरोधक निर्माण की मांग करते हुए कहा कि जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी धरसींवा के अध्यक्ष आशीष वर्मा ने चेतावनी दी कि यदि 10 दिनों के भीतर सड़क सुधार और स्पीड ब्रेकर निर्माण को लेकर ठोस कदम नहीं उठाए गए तो ग्रामीणों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

प्रदर्शन में प्रदेश कार्यकारिणी अध्यक्ष (ओबीसी विभाग) भावेश बघेल, पूर्व विधायक धरसींवा अनिता शर्मा एवं योगेंद्र शर्मा, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष दुर्गेश वर्मा, मंडल अध्यक्ष शेखर यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।

Youthwings