राजिम कुंभ कल्प मेले में भड़के भाजपा विधायक, कहा- ‘कलाकारों को भूखा बैठाया, सरकार की हो रही फजीहत’
राजिम। छत्तीसगढ़ के प्रयाग कहे जाने वाले राजिम में आयोजित कुंभ कल्प मेले की व्यवस्थाओं को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। भाजपा विधायक रोहित साहू का गुस्सा कैमरे के सामने फूट पड़ा। उन्होंने गरियाबंद जिला प्रशासन और इवेंट कंपनी पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कड़ी फटकार लगाई और कहा कि बदइंतजामी के चलते सरकार की फजीहत हो रही है।
विधायक रोहित साहू ने साफ शब्दों में कहा कि कोई भी अधिकारी, कर्मचारी या इवेंट कंपनी यदि सरकार और इस पवित्र आयोजन की छवि धूमिल करने का प्रयास करेगा, तो उसे किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
कलाकारों के साथ हुआ दुर्व्यवहार
विधायक ने बताया कि मुख्यमंच पर प्रस्तुति देने आए कलाकारों को कार्यक्रम समाप्त होने के बाद करीब डेढ़ घंटे तक बैठाए रखा गया और उन्हें भोजन तक उपलब्ध नहीं कराया गया। कलाकारों के साथ हुए इस दुर्व्यवहार की सूचना जैसे ही उन्हें मिली, वे बिना देर किए मौके पर पहुंचे।
मौके पर अधिकारियों से जवाब तलब करने पर संतोषजनक उत्तर नहीं मिलने पर विधायक का गुस्सा और भड़क गया। उन्होंने अधिकारियों और इवेंट कंपनी के प्रतिनिधियों को सख्त शब्दों में फटकार लगाई।
विधायक रोहित साहू ने केवल नाराजगी तक सीमित न रहते हुए मानवीय संवेदनशीलता भी दिखाई। उन्होंने सभी कलाकारों को स्वयं साथ लेकर एक निजी रेस्टोरेंट में ले जाकर भोजन कराया। इस दौरान उन्होंने कहा कि “कलाकारों का सम्मान सर्वोपरि है। इस तरह की लापरवाही दोबारा हुई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”
पहले भी की गई थी शिकायत
एक दिन पहले ही पत्रकारों और आम नागरिकों ने इवेंट कंपनी पर मनमानी, अनावश्यक रोक-टोक और अभद्र व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए थे। इसकी शिकायत विधायक रोहित साहू से की गई थी, जिस पर उन्होंने तत्काल अधिकारियों और इवेंट कंपनी को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद अगले ही दिन एक और गंभीर और शर्मनाक मामला सामने आ गया।
विधायक का सख्त रुख
विधायक ने कहा कि “राजिम कुंभ कल्प मेला केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, संस्कृति और पूरे प्रदेश की पहचान से जुड़ा हुआ है। इसकी गरिमा से किसी भी कीमत पर खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा।” उन्होंने श्रद्धालुओं के आवागमन, साधु-संतों और कलाकारों की सुविधा में किसी प्रकार की लापरवाही को स्वीकार्य नहीं बताया।
प्रशासन और इवेंट कंपनी पर सवाल
इस पूरे घटनाक्रम के बाद जिला प्रशासन और इवेंट कंपनी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। विधायक रोहित साहू का सख्त लेकिन संवेदनशील रुख आम जनता, श्रद्धालुओं और कलाकारों के बीच सराहना का विषय बना हुआ है। अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन और इवेंट कंपनी इस चेतावनी के बाद व्यवस्था सुधारने में कितनी गंभीरता दिखाते हैं।
