इस्लामाबाद में जुमे की नमाज के दौरान सुसाइड ब्लास्ट, 24 की मौत, 100 से ज्यादा घायल

इस्लामाबाद

इस्लामाबाद

पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में शुक्रवार को बड़ा आतंकी हमला हुआ। जुमे की नमाज के दौरान शिया मस्जिद कस्र-ए-खदीजतुल कुब्रा में एक सुसाइड ब्लास्ट किया गया। इस हमले में अब तक कम से कम 24 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 100 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है।

धमाके के बाद राजधानी में इमरजेंसी

मस्जिद में विस्फोट के तुरंत बाद इस्लामाबाद में इमरजेंसी लागू कर दी गई। सुरक्षा बलों और पुलिस ने मस्जिद व आसपास के पूरे इलाके को घेर लिया है। हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। फिलहाल हमले के पीछे के कारणों का पता नहीं चल सका है और किसी भी आतंकी संगठन ने जिम्मेदारी नहीं ली है।

मस्जिद के गेट पर खुद को उड़ाया

HTN वर्ल्ड न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, हमलावर ने मस्जिद के मुख्य गेट पर खुद को विस्फोटक से उड़ा लिया। धमाके के बाद अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और राहत-बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को इलाज के लिए पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (PIMS) और CDA अस्पताल में भर्ती कराया गया।

PIMS अस्पताल में सभी विभाग अलर्ट

PIMS के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर (ED) के निर्देश पर अस्पताल में आपातकाल घोषित कर दिया गया है। पाकिस्तानी अखबार डॉन से बात करते हुए अस्पताल प्रवक्ता ने बताया कि
मुख्य इमरजेंसी, ऑर्थोपेडिक, बर्न सेंटर और न्यूरोलॉजी विभागों को पूरी तरह एक्टिव कर दिया गया है ताकि घायलों को तत्काल इलाज मिल सके।

तीन महीने पहले भी हुआ था सुसाइड अटैक

गौरतलब है कि इससे पहले 11 नवंबर 2025 को इस्लामाबाद के G-11 इलाके में डिस्ट्रिक्ट एंड सेशंस कोर्ट की इमारत के बाहर भी आत्मघाती हमला हुआ था। उस धमाके में 12 लोगों की मौत और 30 से अधिक लोग घायल हुए थे। उस हमले के बाद पाकिस्तान ने आरोप भारत पर मढ़ने की कोशिश की थी, जिसे भारत ने पूरी तरह खारिज कर दिया था।

भारत ने पाक आरोपों को बताया था झूठा नैरेटिव

भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने तब कहा था कि पाकिस्तान यह रणनीति अक्सर अपनाता है।
उन्होंने कहा था कि पाकिस्तान अपने देश की राजनीतिक अस्थिरता, सत्ता संघर्ष और आंतरिक समस्याओं से ध्यान हटाने के लिए भारत के खिलाफ झूठे आरोप लगाता है।

 

 

Youthwings