मरीन ड्राइव में मॉर्निंग वॉक करने वालों से नहीं लिया जाएगा शुल्क, नए फैसले पर महापौर मीनल का बड़ा बयान
रायपुर। राजधानी के प्रमुख आकर्षण तेलीबांधा तालाब (मरीन ड्राइव) में अब पार्किंग शुल्क वसूला जाएगा। बढ़ते ट्रैफिक दबाव और अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या को देखते हुए नगर निगम ने पाथवे क्षेत्र को पार्किंग जोन घोषित किया है। इस फैसले के बाद से स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
शनिवार को महापौर मीनल चौबे ने स्थल का निरीक्षण किया और मीडिया से चर्चा करते हुए स्पष्ट किया कि पार्किंग शुल्क दोपहर 12 बजे से लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मॉर्निंग वॉक के लिए आने वाले नागरिकों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
महापौर ने बताया कि निगम का उद्देश्य राजस्व बढ़ाना नहीं, बल्कि पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाना है। इसके लिए नगर निगम के कर्मचारी मौके पर तैनात रहकर मॉनिटरिंग करेंगे और विशेष रूप से फूड जोन में आने वाले वाहनों के पीक टाइम का आंकलन करेंगे। उन्होंने आम जनता से सुझाव भी आमंत्रित किए, ताकि सभी की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बेहतर व्यवस्था बनाई जा सके।
वहीं इस फैसले को लेकर कांग्रेस ने विरोध के संकेत दिए हैं। रायपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन और पूर्व महापौर प्रमोद दुबे ने कहा है कि पार्टी जल्द ही इस निर्णय के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेगी।
नगर निगम द्वारा तय दरों के अनुसार चार पहिया वाहनों के लिए 4 घंटे का शुल्क 20 रुपये और दोपहिया वाहनों के लिए 12 घंटे का शुल्क 10 रुपये निर्धारित किया गया है। पाथवे को पार्किंग में बदले जाने के फैसले को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है और स्थल पर इस संबंध में बैनर भी लगाए गए हैं।
