निजी अस्पतालों ने आयुष्मान योजना से इलाज किया बंद, स्वास्थ्य मंत्री ने कहा- ‘एक सप्ताह में होगा भुगतान, बंद न करें इलाज’
आयुष्मान योजना से इलाज बंद
रायपुर: छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर एक अहम घटनाक्रम सामने आया है। निजी अस्पतालों ने शुक्रवार, 30 जनवरी को आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। निजी अस्पताल संघ का कहना है कि सरकार की ओर से 1500 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का भुगतान लंबे समय से लंबित है। इसी भुगतान में देरी के विरोध में निजी अस्पतालों ने एक दिन के लिए आयुष्मान योजना के तहत इलाज नहीं करने का फैसला लिया। इस दौरान योजना के तहत इलाज के लिए पहुंचे मरीजों को शनिवार का समय दिया गया है। अस्पताल संघ ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द भुगतान नहीं हुआ तो आगे और कड़े कदम उठाए जा सकते हैं।
स्वास्थ्य मंत्री का आश्वासन, एक सप्ताह में भुगतान का दावा
निजी अस्पतालों और सरकार के बीच जारी इस खींचतान से गरीब और जरूरतमंद मरीजों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने माना कि भुगतान में देरी हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पिछली सरकार की बकाया राशि का पूरा भुगतान किया जा चुका है और मार्च के बाद के सभी बिलों का भी भुगतान हो गया है। मंत्री ने अस्पताल संचालकों से अपील की कि वे आयुष्मान कार्डधारकों का इलाज बंद न करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि एक सप्ताह के भीतर लंबित भुगतान सुनिश्चित कर दिया जाएगा।
कांग्रेस के आरोपों को बताया ‘घड़ियाली आंसू’
धान खरीदी की तारीख बढ़ाने की मांग को लेकर कांग्रेस द्वारा किए जा रहे प्रदर्शन पर मंत्री जायसवाल ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस की मांग को घड़ियाली आंसू बताते हुए कहा कि कांग्रेस के पास न तो कोई ठोस मुद्दा है और न ही तथ्य। मंत्री ने कहा कि कांग्रेस केवल विरोध और प्रदर्शन की राजनीति करती है और किसानों व मजदूरों के हितों से उसका कोई वास्तविक सरोकार नहीं है।
धान खरीदी को लेकर सरकार का पक्ष
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने हर एक दाना धान खरीदने का फैसला लिया है। पिछली सरकार की तुलना में अधिक मात्रा में धान खरीदा जा रहा है। जहां पहले कांग्रेस सरकार चार किस्तों में भुगतान करती थी, वहीं अब किसानों को एक ही किस्त में भुगतान किया जा रहा है। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि किसी भी किसान का धान खरीदी से वंचित नहीं रखा जाएगा।
read more : सोना-चांदी की कीमतों पर ब्रेक, सोना 8 हजार और चांदी 15 हजार सस्ती
कांग्रेस की विचारधारा और संगठन पर निशाना
दिल्ली में हुई कांग्रेस की बैठक पर टिप्पणी करते हुए मंत्री जायसवाल ने कहा कि कांग्रेस घेराव और विरोध की रणनीति तो बनाती है, लेकिन उसे लागू करने में असफल रहती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा में जनहित के मुद्दे प्राथमिकता में नहीं हैं। दिल्ली में भले ही कांग्रेस एकजुट नजर आती हो, लेकिन छत्तीसगढ़ में पार्टी के भीतर आपसी खींचतान साफ दिखाई दे रही है।
कन्हैया कुमार के बयान पर पलटवार
छत्तीसगढ़ दौरे पर पहुंचे कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार द्वारा भाजपा को सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने की नसीहत देने पर मंत्री जायसवाल ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कन्हैया कुमार को पहले तथ्यों की जानकारी लेनी चाहिए और बिना समझे बयानबाजी से बचना चाहिए।
केंद्रीय बजट को लेकर उम्मीदें
केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि सिर्फ सरकार या नेता ही नहीं, बल्कि पूरे देश को इस बजट का इंतजार है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह बजट देश के विकास और आम जनता के हित में अहम साबित होगा।
