Ghar Wapsi in Bastar: बस्तर में घर वापसी का सिलसिला जारी, 15 साल बाद एक ही परिवार के 12 सदस्यों ने अपनाया सनातन धर्म
Ghar Wapsi in Bastar: छत्तीसगढ़ के बस्तर अंचल में घर वापसी का क्रम लगातार जारी है। ताजा मामला साडगुड़ा गांव का है, जहां एक ही परिवार के 12 सदस्यों ने करीब 15 साल बाद सनातन धर्म में वापसी की है। बताया गया कि सभी सदस्यों ने हिंदू रीति-रिवाज और परंपराओं के अनुसार विधिवत रूप से घर वापसी की।
15 साल पहले किया था धर्म परिवर्तन
घर वापसी करने वाले परिवार के सदस्यों ने करीब 15 वर्ष पहले ईसाई धर्म अपनाया था। हालांकि, अपनी संस्कृति और पारंपरिक जीवनशैली से दूरी उन्हें लगातार महसूस होती रही। लंबे समय के बाद उन्होंने अपनी जड़ों की ओर लौटने का निर्णय लिया और सनातन धर्म को पुनः अपनाया।
बस्तर सांसद ने जताई खुशी
परिवार की घर वापसी पर बस्तर सांसद महेश कश्यप ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बस्तर की पहचान सदियों से सनातन परंपरा से जुड़ी रही है। उन्होंने कहा कि जो लोग अपने मूल धर्म और संस्कृति में लौट रहे हैं, यह बस्तर के सामाजिक और सांस्कृतिक स्वरूप के लिए सकारात्मक संकेत है।
बस्तर में तेज हुआ घर वापसी का दौर
बता दें कि बस्तर संभाग के कई जिलों में हाल के दिनों में बड़ी संख्या में लोग घर वापसी कर चुके हैं। कुछ दिन पहले बड़ेतेवड़ा क्षेत्र के आश्रित ग्राम सोड़ेपारा में छह परिवारों के सदस्यों ने शीतला मंदिर में ग्राम पटेल की मौजूदगी में हिंदू धर्म में वापसी की थी।
जानकारी के मुताबिक, बड़ेतेवड़ा की घटना के बाद क्षेत्र के एक चर्च प्रमुख ने भी सनातन धर्म में वापसी की है। लगातार हो रही इन घटनाओं से साफ है कि बस्तर में घर वापसी का अभियान तेजी पकड़ रहा है।
