छत्तीसगढ़ में 29 से 31 जनवरी तक राज्य स्तरीय रोजगार मेला, 15 हजार पदों पर सीधी भर्ती
रोजगार मेला
छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए रोजगार पाने का बड़ा अवसर सामने आया है। राज्य सरकार की ओर से 29 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस मेले के माध्यम से निजी क्षेत्र में तकनीकी और गैर-तकनीकी श्रेणियों के लगभग 15 हजार पदों पर भर्ती की जाएगी।
सेजबहार रायपुर में होगा आयोजन
छत्तीसगढ़ शासन के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग द्वारा यह रोजगार मेला शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय, सेजबहार, रायपुर में आयोजित किया जाएगा। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में विभिन्न निजी कंपनियां भाग लेंगी और योग्य अभ्यर्थियों का चयन प्रत्यक्ष साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा।
एमसीबी जिले के अभ्यर्थियों के लिए 29 जनवरी निर्धारित
राज्य स्तरीय रोजगार मेले के अंतर्गत मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के आवेदकों के लिए 29 जनवरी 2026 को साक्षात्कार की तिथि तय की गई है। संबंधित जिले के उम्मीदवारों को निर्धारित तिथि पर रायपुर पहुंचकर चयन प्रक्रिया में शामिल होना होगा।
पंजीयन कराना अनिवार्य
रोजगार मेले में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों का छत्तीसगढ़ रोजगार पोर्टल पर पंजीयन होना अनिवार्य है। इसके साथ ही रोजगार मेला पंजीयन भी जरूरी किया गया है। जिन युवाओं ने अब तक पंजीयन नहीं कराया है, वे erojgar.cg.gov.in वेबसाइट पर जाकर जल्द पंजीयन कर सकते हैं।
साक्षात्कार में शामिल होने के लिए जरूरी दस्तावेज
साक्षात्कार के दिन अभ्यर्थियों को अपने सभी शैक्षणिक प्रमाण पत्र, पहचान पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लाना होगा। रोजगार मेले से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय, मनेंद्रगढ़ (जिला एमसीबी) से संपर्क किया जा सकता है।
