प्रभारी मंत्री Kedar Kashyap की पहल, बीजापुर के पत्रकारों को मिलेगा आवासीय भूखंड का लाभ

बीजापुर। गणतंत्र दिवस के अवसर पर बीजापुर पहुंचे वन एवं पर्यावरण मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री Kedar Kashyap ने जिले के पत्रकारों के लिए एक अहम पहल की है। उन्होंने बीजापुर में कार्यरत पत्रकारों को आवासीय भूखंड उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाने का आश्वासन दिया है, जिसे पत्रकार हित में बड़ा कदम माना जा रहा है।

26 जनवरी को बीजापुर के स्थानीय सर्किट हाउस में प्रभारी मंत्री केदार कश्यप एवं पूर्व वन मंत्री महेश गागड़ा से जिले के पत्रकारों ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान जिले में चल रहे विकास कार्यों, प्रशासनिक उपलब्धियों और जनहित से जुड़ी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

मुलाकात के दौरान प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का एक मजबूत स्तंभ हैं, जो शासन-प्रशासन और आम जनता के बीच सेतु की भूमिका निभाते हैं। उन्होंने जिले में सकारात्मक माहौल बनाने और जनसरोकारों को मजबूती देने में पत्रकारों के योगदान की सराहना की।

प्रभारी मंत्री ने स्पष्ट किया कि पत्रकारों के कल्याण के लिए सरकार प्रतिबद्ध है और इसी दिशा में बीजापुर के पत्रकारों को आवासीय भूखंड उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी पहल की जाएगी। इस घोषणा से जिले के पत्रकारों में उत्साह का माहौल है।

इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार संतोष तिवारी, कमलेश पैंकरा, गणेश मिश्रा, पुष्पा रोकड़े, घनश्याम यादव, आशीष पद्मवार, अयूब खान, सिरोज विश्वकर्मा, ईश्वर सोनी, कुशल चोपड़ा, नितिन रोकड़े, सुरेश परतागिरी, नीरज गुप्ता, गोलू खान सहित बड़ी संख्या में पत्रकार साथी मौजूद रहे।

Youthwings