मड़ाई मेले में खूनी झड़प, आयोजन समिति सदस्य पर धारदार हथियार से हमला, 7 आरोपी गिरफ्तार

डोंगरगढ़। बोरतलाव थाना क्षेत्र के ग्राम बोरतलाव में आयोजित वार्षिक मड़ाई मेले के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम के बीच हुआ विवाद हिंसक हमले में बदल गया। आयोजन समिति के सदस्य बशीर मोहम्मद पर धारदार हथियार से पेट में वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। इस घटना से मेले में अफरा-तफरी मच गई और चंद मिनटों में उत्सव का माहौल दहशत में तब्दील हो गया।

घटना 25 जनवरी 2026 की रात की है। मड़ाई मेले के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान ग्राम बुढ़ानछापर निवासी उदय नेताम अपने पुत्र के साथ मंच पर चढ़कर हुल्लड़बाजी करने लगा। आयोजन समिति के सदस्यों द्वारा मंच से उतरने और कार्यक्रम में व्यवधान न डालने की समझाइश दी गई, जिस पर उदय नेताम और मनीष नेताम ने विवाद शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद उदय नेताम वहां से चला गया।

कुछ देर बाद उदय नेताम अपने साथियों पंकज साहू, योगेश कोर्राम तथा चिखली क्षेत्र से आए बंटी साहू, जाफर खान, विकास गोंडाने और हर्षित निषाद के साथ दोबारा मौके पर पहुंचा। आरोप है कि सभी ने मिलकर आयोजन समिति के सदस्य बशीर मोहम्मद पर जान से मारने की नीयत से धारदार हथियार से पेट पर हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया गया। निर्देश के बाद थाना बोरतलाव पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर कार्रवाई करते हुए सभी 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक वैगनआर कार, लोहे का धारदार हथियार और 6 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

मुख्य आरोपी उदय नेताम क्षेत्र में एक आदिवासी नेता के रूप में जाना जाता है और सामाजिक-राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रहा है। ऐसे व्यक्ति का इस तरह की हिंसक घटना में शामिल होना क्षेत्र में चर्चा और चिंता का विषय बना हुआ है।

मड़ाई जैसे पारंपरिक और सांस्कृतिक आयोजन में हुई इस जानलेवा वारदात ने सार्वजनिक कार्यक्रमों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्थिति पर समय रहते नियंत्रण पा लिया गया।

Youthwings