छत्तीसगढ़ में 10वीं-12वीं के 239 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, टॉपर्स को मिली प्रोत्साहन राशि
मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान
रायपुर: छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा लोकभवन स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम् में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वर्ष 2024 और 2025 की 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। समारोह में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अध्यक्षता कर रहे थे, जबकि स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
राज्यपाल ने कहा— बोर्ड परीक्षा जीवन की पहली सीढ़ी
राज्यपाल रमेन डेका ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बोर्ड परीक्षाएं जीवन के लक्ष्य की ओर बढ़ने की पहली सीढ़ी होती हैं। एक पड़ाव पार करने के बाद अब विद्यार्थियों को अगले लक्ष्य की ओर पूरे आत्मविश्वास और धैर्य के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह सम्मान न सिर्फ छात्रों को नई ऊर्जा देता है, बल्कि अन्य विद्यार्थियों को भी मेहनत और उत्कृष्टता के लिए प्रेरित करता है।
राज्यपाल ने छत्तीसगढ़ को अपार संभावनाओं वाला प्रदेश बताते हुए कहा कि ‘धान का कटोरा’ कहलाने वाला राज्य अब शिक्षा के क्षेत्र में भी अपनी अलग पहचान बना रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को मौलिक सोच और नवाचार अपनाने का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने बताया छात्रों को देश का भविष्य
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आप सभी देश और प्रदेश का भविष्य हैं। आज जो सफलता आपको मिली है, उसके पीछे माता-पिता और शिक्षकों का आशीर्वाद और मार्गदर्शन है। उन्होंने सभी प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को उत्कृष्ट प्रदर्शन और बसंत पंचमी की शुभकामनाएं दीं और कहा कि मां सरस्वती का आशीर्वाद सभी पर बना रहे।

239 विद्यार्थियों को मिला प्रोत्साहन और आर्थिक सहयोग
स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने जानकारी दी कि वर्ष 2024 और 2025 की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुल 239 विद्यार्थियों को प्रोत्साहन स्वरूप सम्मानित किया गया। प्रत्येक विद्यार्थी को मेडल, प्रशस्ति पत्र के साथ डेढ़ लाख रुपये की राशि सीधे उनके बैंक खाते में प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि इस पहल से विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति रुचि और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को बल मिलेगा।
गोल्ड-सिल्वर मेडल से नवाजे गए टॉपर्स
समारोह में वर्ष 2024 के 110 और वर्ष 2025 के 129 टॉपर विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी प्रावीण्य सूची में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वालों को सिल्वर मेडल प्रदान किए गए। साथ ही विशेष पिछड़ी जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों को भी सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया गया।
अतिथियों की मौजूदगी में हुआ भव्य आयोजन
कार्यक्रम का स्वागत उद्बोधन माध्यमिक शिक्षा मंडल की अध्यक्ष रेणु पिल्ले ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन सचिव पुष्पा साहू ने किया। समारोह में विधायक मोतीलाल साहू, आशाराम नेताम, स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी, वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
READ MORE : छत्तीसगढ़ वाणिज्यिक कर विभाग में प्रशासनिक फेरबदल: सहायक ग्रेड और डाटा एंट्री ऑपरेटर बदले
