Chhattisgarh Morning News: ठंड से राहत के संकेत, भाजपा अध्यक्ष चुनाव की हलचल और नक्सल ऑपरेशन पर बड़ी अपडेट

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News: छत्तीसगढ़ में मौसम, राजनीति और सुरक्षा से जुड़ी आज की अहम खबरों में कड़कड़ाती ठंड से राहत के संकेत, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव को लेकर दिल्ली में हलचल और बस्तर क्षेत्र में नक्सल ऑपरेशन की बड़ी जानकारी सामने आई है। पढ़िए आज की मॉर्निंग न्यूज एक साथ

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड से मिलेगी राहत

मकर संक्रांति के बाद दिन की लंबाई बढ़ने के साथ ही मौसम में बदलाव के संकेत मिलने लगे हैं। धूप अब पहले से ज्यादा तीखी महसूस हो रही है, हालांकि सुबह और रात के समय हल्की ठंड बनी रह सकती है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, इस सप्ताह तीन पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं, जिसके चलते ठंड का असर धीरे-धीरे कम होगा।

राज्य में आसमान साफ रहने से दिन का तापमान बढ़ रहा है। अधिकतम तापमान 27 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया है, जो सामान्य से अधिक माना जा रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि जनवरी के पहले और दूसरे सप्ताह जैसी तीखी ठंड की वापसी की संभावना कम है और 26 जनवरी तक ठंड का प्रभाव काफी हद तक कमजोर पड़ सकता है।

आउटर इलाकों में अभी भी ठंड का असर

हालांकि शहरों में ठंड धीरे-धीरे कम हो रही है, लेकिन माना, मैनपाट, बलरामपुर और जशपुर जैसे आउटर और सीमावर्ती इलाकों में अभी भी ठंड का असर महसूस किया जा रहा है। इस सीजन में माना क्षेत्र में 15 साल बाद सबसे ज्यादा ठंड दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, खुले और ग्रामीण इलाकों में मौसम का असर तेजी से बदलता है, इसलिए यहां ठंड थोड़ी देर तक बनी रह सकती है।

BJP President Election: राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव में शामिल होने दिल्ली पहुंचे CM साय

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया सोमवार और मंगलवार को दिल्ली में होने जा रही है। इस अहम प्रक्रिया में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा समेत कई वरिष्ठ नेता दिल्ली पहुंच चुके हैं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि भाजपा में हर तीन साल में संगठनात्मक चुनाव होते हैं और स्थानीय स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक नेतृत्व में बदलाव की परंपरा है। उन्होंने कांग्रेस पर परिवारवाद का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा में संगठन सर्वोपरि है। गृह मंत्री विजय शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

नक्सल ऑपरेशन: एनकाउंटर में खूंखार नक्सली पापाराव के मारे जाने का दावा

बस्तर क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान के बीच बड़ी खबर सामने आई है। तेलंगाना भाजपा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दावा किया है कि खूंखार नक्सली पापाराव एक एनकाउंटर में मारा गया है। बताया जा रहा है कि पापाराव लंबे समय से बस्तर क्षेत्र में सक्रिय था।

बीजापुर जिले में शनिवार से जारी ऑपरेशन के दौरान अब तक 6 नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं, जिनमें 4 महिला नक्सली भी शामिल हैं। सुरक्षाबलों ने DVCM दिलीप बेड़जा के मारे जाने की पुष्टि की है, हालांकि पापाराव को लेकर आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। फिलहाल इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।

Youthwings